पांच दिन में ₹8,900 लुढ़का सोना, दिल्ली में 10 ग्राम का भाव ₹1.58 लाख के करीब

Gold Price: सोने की कीमतों में लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट दर्ज की गई है. मंगलवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोना 2,700 रुपये और सस्ता हो गया. वहीं, चांदी के दाम में भी 5,000 रुपये प्रति किलोग्राम की गिरावट आई.

kNEWS dESK- दिल्ली में सोने की कीमतों में गिरावट का सिलसिला मंगलवार को भी जारी रहा. लगातार पांचवें दिन भाव कम होने के साथ 99.9 फीसदी शुद्धता वाला सोना 2,700 रुपये टूटकर 1,58,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस कीमत में सभी टैक्स शामिल हैं. इससे एक दिन पहले सोमवार को सोना 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था.

पिछले पांच कारोबारी सत्रों में सोने की कीमत में कुल 8,900 रुपये की गिरावट आ चुकी है. 25 अगस्त को सोना 1,67,100 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था. इसके मुकाबले अब कीमत करीब 5.3 फीसदी नीचे आ गई है. मंगलवार का भाव करीब दो सप्ताह के निचले स्तर पर पहुंच गया.

चांदी भी हुई सस्ती

सोने के साथ-साथ चांदी की कीमतों में भी मंगलवार को बड़ी गिरावट देखने को मिली. चांदी 5,000 रुपये टूटकर 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई. सोमवार को इसका भाव 2,45,500 रुपये प्रति किलोग्राम था.

अंतरराष्ट्रीय बाजार में बिकवाली का असर

सोने और चांदी की कीमतों पर अंतरराष्ट्रीय बाजार में जारी बिकवाली का असर घरेलू बाजार पर भी दिखाई दे रहा है. अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के चलते कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है. इससे महंगाई को लेकर चिंताएं बढ़ी हैं और ब्याज दरों को लेकर बाजार की उम्मीदों पर भी असर पड़ा है.

आनंद राठी शेयर एंड स्टॉक ब्रोकर्स की कमोडिटीज और करेंसी रिसर्च एनालिस्ट वेदिका नार्वेकर के मुताबिक, अमेरिका-ईरान तनाव और तेल की बढ़ती कीमतों के कारण घरेलू सोने पर दबाव बना हुआ है. महंगाई की चिंता बढ़ने से सोने की कीमतों का आउटलुक भी प्रभावित हुआ है.

उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की गैर-जरूरी सोने की खरीदारी से बचने की अपील का अंतरराष्ट्रीय सोने की कीमतों पर बड़ा असर पड़ने की संभावना नहीं है. हालांकि, घरेलू स्तर पर इससे ज्वेलरी की मांग और बाजार की धारणा प्रभावित हो सकती है.

विदेशी बाजार में भी सोना-चांदी टूटा

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमती धातुओं की कीमतों में घरेलू बाजार के मुकाबले ज्यादा तेज गिरावट देखी गई. स्पॉट गोल्ड करीब 2 फीसदी गिरकर 4,368.58 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया. वहीं, चांदी लगभग 3 फीसदी की गिरावट के साथ 64.68 डॉलर प्रति औंस पर आ गई.

मिरे एसेट शेयरखान के कमोडिटीज हेड प्रवीण सिंह के अनुसार, पिछले सप्ताह जैक्सन होल सिम्पोजियम में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श के सख्त रुख वाले भाषण के बाद ब्याज दरों को लेकर बाजार की चिंता बढ़ी है. इसी वजह से स्पॉट गोल्ड करीब 2 फीसदी गिरकर 4,370 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रहा है.

बाजार की नजर अब 16 सितंबर को होने वाली FOMC बैठक पर है. बाजार भागीदार अमेरिकी केंद्रीय बैंक की ओर से ब्याज दरों में बढ़ोतरी की करीब 60 फीसदी संभावना मान रहे हैं.

HDFC सिक्योरिटीज के कमोडिटीज सीनियर एनालिस्ट सौमिल गांधी के मुताबिक, अब निवेशकों की नजर अमेरिका से आने वाले आर्थिक आंकड़ों पर रहेगी. मंगलवार और बुधवार को मैन्युफैक्चरिंग तथा सर्विस एक्टिविटी के आंकड़े जारी होने हैं. इसके बाद शुक्रवार को अगस्त की नॉन-फार्म पेरोल रिपोर्ट आएगी. इन आंकड़ों से ब्याज दरों को लेकर बाजार की आगे की दिशा तय होने में मदद मिल सकती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *