मंदार पर्वत पर लड़की से बदसलूकी, वीडियो वायरल होते ही FIR

KNEWS DESK– बिहार के बांका जिले के प्रसिद्ध मंदार पर्वत से लड़की के साथ बदसलूकी का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बौंसी पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 6-7 अज्ञात युवकों के खिलाफ FIR दर्ज की है।

वायरल वीडियो में कुछ युवक एक लड़की को घेरकर उसके साथ गाली-गलौज और अभद्रता करते नजर आ रहे हैं। वीडियो में एक युवक के हाथ में डंडा और दूसरे के हाथ में चप्पल दिखाई दे रही है। आरोप है कि युवकों ने लड़की का हाथ पकड़कर उसे खींचा और धमकाया। लड़की के साथ मौजूद युवकों ने विरोध किया तो उनके साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की गई।वीडियो सामने आने के बाद बौंसी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर पंकज कुमार झा पुलिस बल के साथ मंदार पर्वत पहुंचे और स्थानीय दुकानदारों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में वीडियो मंदार पर्वत का ही पाया गया है और इसमें नजर आ रहे युवक स्थानीय बताए जा रहे हैं।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना करीब अप्रैल महीने की बताई जा रही है। थानाध्यक्ष के स्वलिखित बयान के आधार पर 6-7 अज्ञात युवकों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों और पीड़ित लड़की की पहचान करने में जुटी है।

बिहार में हाल के दिनों में लड़कियों से बदसलूकी के कई मामले सामने आए हैं। जमुई और समस्तीपुर के मामलों के बाद अब बांका की घटना ने भी सवाल खड़े किए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और आरोपियों की पहचान के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *