Knews Desk– पश्चिम बंगाल की राजनीति में एक नया विवाद खड़ा हो गया है। ममता बनर्जी के खिलाफ कथित तौर पर “गंदा धर्म” टिप्पणी को लेकर FIR दर्ज की गई है। उन पर सनातन धर्म की भावनाओं को आहत करने और सांप्रदायिक तनाव फैलाने के आरोप लगाए गए हैं। यह मामला अब राज्य की राजनीति में बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सिलीगुड़ी साइबर पुलिस स्टेशन में अधिवक्ता रिंकी चटर्जी सिंह की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई। शिकायत में आरोप लगाया गया कि ममता बनर्जी ने पिछले साल कोलकाता में ईद कार्यक्रम के दौरान कथित रूप से “गंदा धर्म” शब्द का इस्तेमाल किया था, जिससे सनातन धर्म को मानने वाले लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हुईं।
FIR में यह भी दावा किया गया है कि विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने कुछ ऐसे बयान दिए, जिन्हें शिकायतकर्ता ने भड़काऊ और डर फैलाने वाला बताया। पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। इनमें धार्मिक समूहों के बीच वैमनस्य फैलाने, शांति भंग करने की मंशा से अपमान करने और आपराधिक धमकी जैसी धाराएं शामिल हैं।
इस विवाद को लेकर भाजपा नेताओं ने भी ममता बनर्जी पर हमला बोला है। भाजपा नेता Suvendu Adhikari ने सोशल मीडिया पर सवाल उठाते हुए पूछा कि आखिर मुख्यमंत्री किस धर्म को “गंदा धर्म” कह रही थीं। भाजपा ने आरोप लगाया कि तुष्टिकरण की राजनीति के तहत हिंदू भावनाओं का अपमान किया गया।
हालांकि, तृणमूल कांग्रेस की ओर से अभी तक इस मामले पर कोई विस्तृत आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। वहीं, राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि बंगाल की सियासत में धर्म और पहचान का मुद्दा आने वाले दिनों में और गर्मा सकता है।