90% घरों का बिजली बिल जीरो, मान बोले- जनता के पैसे का इस्तेमाल विकास में हो रहा

जालंधर के कहलवान गांव में ‘लोक मिलानी’ कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं और कांग्रेस व अकाली दल पर जमकर निशाना साधा।

Knews Desk– पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर के करतारपुर विधानसभा क्षेत्र के कहलवान गांव में आयोजित ‘लोक मिलानी’ कार्यक्रम में विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने ग्राम पंचायत को विकास कार्यों के लिए 51 लाख रुपये का चेक सौंपा और अपनी सरकार की ओर से किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों का जिक्र किया।

भगवंत मान ने कहा कि उनकी सरकार युवाओं को बिना रिश्वत और सिफारिश के योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरियां दे रही है। उन्होंने बताया कि जालंधर के पीएपी ग्राउंड में पंजाब पुलिस के 1,746 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए हैं। इन नियुक्तियों के साथ सरकार के मौजूदा कार्यकाल में अब तक 70,840 युवाओं को सरकारी नौकरी मिलने का दावा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नौकरी पाने वालों में सामान्य और गरीब परिवारों के युवा शामिल हैं। उन्होंने पंजाब के युवाओं से अपील की कि वे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करें और बेहतर भविष्य के लिए विदेश जाने के बजाय पंजाब में ही अवसर तलाशें।

किसानों का जिक्र करते हुए मान ने कहा कि सरकार ने उनकी जरूरतों को समझते हुए नहरों के जरिए खेतों तक पानी पहुंचाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि कृषि मशीनरी के लिए किसानों को दिन के समय बिजली उपलब्ध कराई जा रही है, जिससे उन्हें रात में बिजली के लिए परेशान नहीं होना पड़ता।

मुख्यमंत्री ने मुफ्त बिजली योजना को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया। उन्होंने कहा कि पंजाब में प्रत्येक परिवार को हर महीने 300 यूनिट यानी दो महीने में 600 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जा रही है। उनके मुताबिक, इस योजना के चलते राज्य के करीब 90 प्रतिशत घरों का बिजली बिल शून्य हो रहा है।

भगवंत मान ने गोइंदवाल साहिब थर्मल पावर प्लांट को निजी कंपनी से सरकारी स्वामित्व में लेने को भी अपनी सरकार का अहम फैसला बताया। उन्होंने इसे पंजाब के हित में उठाया गया ऐतिहासिक कदम करार दिया।

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल को भी निशाने पर लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों के दौरान नेताओं ने जनता से दूरी बना ली थी और आम लोगों की समस्याओं पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।

मान ने अकाली दल और पार्टी नेता सुखबीर सिंह बादल पर भी तंज कसा। उन्होंने अपने चर्चित गीत ‘किकली’ के जरिए विपक्षी नेताओं पर राजनीतिक कटाक्ष किया और कहा कि जनता ने वर्ष 2022 में बड़े-बड़े राजनीतिक चेहरों को नकारते हुए आम आदमी पार्टी को सत्ता सौंपी थी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के पैसे का इस्तेमाल केवल विकास और जनकल्याण के लिए करेगी। उन्होंने दावा किया कि सरकार का लक्ष्य पंजाब के लोगों को बेहतर सुविधाएं देना और राज्य के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *