बरेली में BJP मेयर के रक्षाबंधन कार्यक्रम में हंगामा, 20 हजार महिलाओं की भीड़ में भगदड़ जैसे हालात

Knews Desk- बरेली में बीजेपी मेयर डॉ. उमेश गौतम के रक्षाबंधन कार्यक्रम में गुरुवार को भारी भीड़ के चलते अव्यवस्था फैल गई। बरेली क्लब ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में 20 हजार से अधिक महिलाओं के पहुंचने का दावा किया गया। भीषण गर्मी, उमस और धक्का-मुक्की के बीच कई महिलाएं बेहोश हो गईं, जबकि कुछ के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।

सुबह करीब 10 बजे से महिलाओं का कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना शुरू हुआ और 11 बजे तक मैदान खचाखच भर गया। महिलाओं को राखी बांधने के लिए पहले से कूपन दिए गए थे। बड़ी संख्या में महिलाएं बच्चों और बुजुर्ग परिजनों के साथ पहुंचीं। भीड़ बढ़ने के साथ मैदान में हालात बिगड़ने लगे और कई महिलाएं बैरिकेडिंग पार कर मंच की ओर जाने लगीं।

स्थिति को संभालने के लिए मेयर डॉ. उमेश गौतम ने भीड़ को अलग-अलग हिस्सों में बांटने की कोशिश की। उन्होंने अपने बेटे पार्थ गौतम को मुख्य गेट पर भेजा, ताकि वहां भी महिलाओं से राखी बंधवाई जा सके। इसके बावजूद मंच के आसपास भीड़ का दबाव कम नहीं हुआ। धक्का-मुक्की के दौरान कई महिलाएं गिर गईं। कुछ बच्चों के भीड़ में बिछड़ने की बात भी सामने आई, जिसके बाद लाउडस्पीकर से लगातार उनके परिजनों को सूचना दी गई।

कार्यक्रम स्थल पर कई जगह चप्पलें, टूटी चूड़ियां और अन्य सामान बिखरा नजर आया। एक बुजुर्ग महिला ने दावा किया कि भीड़ में एक बच्ची दब गई थी और करीब पांच मिनट बाद उसे बाहर निकाला जा सका। बच्ची के हाथ-पैर में चोट लगने की बात भी बताई गई।

कार्यक्रम में पहुंची एक महिला ने बताया कि मंच की तरफ जाते समय किसी ने उनका हाथ खींच लिया। भीड़ के दबाव में उनकी चप्पल और पैरों की बिछिया तक निकल गई। हालात इतने खराब हो गए कि उन्हें अपनी जान बचाने के लिए वहां से बाहर निकलना पड़ा।

एक अन्य महिला ने बताया कि वह अपने बच्चे को गोद में लेकर खड़ी थी, तभी पीछे से अचानक भीड़ का दबाव बढ़ गया। बच्चा लगभग उसके हाथ से छूटकर नीचे गिरने वाला था। इसी दौरान उसकी सास को भी धक्का लगा और वह बेहोश हो गईं।

कार्यक्रम में शामिल महिलाओं ने भीड़ प्रबंधन को लेकर सवाल उठाए। उनका कहना था कि इतनी बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बावजूद पानी, सुरक्षित रास्तों और भीड़ को नियंत्रित करने के पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आए। उपहार वितरण के दौरान भी भीड़ का दबाव बढ़ गया और धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। कुछ महिलाओं ने मोबाइल, नकदी और चेन चोरी होने के आरोप भी लगाए।

मामले पर बरेली के CMO डॉ. विश्राम सिंह ने बताया कि कार्यक्रम में कुछ महिलाओं के बेहोश और घायल होने की सूचना मिली थी। इसके बाद तत्काल एंबुलेंस भेजी गई। एक बेहोश महिला को जिला अस्पताल लाया गया, जहां उसका इलाज किया गया। महिला को हल्की चोटें भी आई थीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *