‘बेटियों की पढ़ाई सबसे बड़ा निवेश’… CM रेखा गुप्ता ने छात्राओं को दी साइकिल, किया बड़ा ऐलान

KNEWS DESK – दिल्ली की मुख्यमंत्री Rekha Gupta ने शनिवार को आर.के. पुरम विधानसभा क्षेत्र में आयोजित मेधावी छात्राओं के सम्मान समारोह और निःशुल्क साइकिल वितरण कार्यक्रम में हिस्सा लिया. इस दौरान मुख्यमंत्री ने 10वीं और 12वीं कक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को साइकिलें वितरित कीं और उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया.

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि बेटियों की शिक्षा को बढ़ावा देना सरकार की सबसे बड़ी प्राथमिकताओं में से एक है. उन्होंने कहा कि शिक्षा ही वह ताकत है, जो बेटियों को आत्मनिर्भर और मजबूत बनाती है. मुख्यमंत्री ने कहा कि साइकिल केवल आने-जाने का साधन नहीं है, बल्कि यह छात्राओं के आत्मविश्वास और उनके सपनों को नई उड़ान देने का माध्यम है.

मुख्यमंत्री ने इस मौके पर एक बड़ा ऐलान भी किया. उन्होंने कहा कि दिल्ली सरकार अब सरकारी स्कूलों में कक्षा 9 में दाखिला लेने वाली सभी छात्राओं को साइकिल उपलब्ध कराएगी. सरकार के मुताबिक हर साल करीब 1.30 लाख छात्राएं कक्षा 9 में प्रवेश लेती हैं और इस योजना से उन्हें स्कूल, कॉलेज और कोचिंग तक पहुंचने में बड़ी सुविधा मिलेगी.

रेखा गुप्ता ने बताया कि गर्मियों की छुट्टियों के बाद छात्राओं को साइकिल वितरण की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी. उनका कहना था कि सरकार का मकसद यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बेटी की पढ़ाई सिर्फ संसाधनों की कमी की वजह से प्रभावित न हो.

मुख्यमंत्री ने आर.के. पुरम के विधायक Anil Sharma और Rotary Club Delhi Imperial की भी जमकर सराहना की. उन्होंने कहा कि सरकार की योजना लागू होने से पहले ही 500 से ज्यादा छात्राओं को साइकिल देकर इन संस्थाओं ने समाज के सामने प्रेरणादायक उदाहरण पेश किया है.

इस कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष रविंद्र चौधरी समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे. मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली सरकार बेटियों को बेहतर शिक्षा, सुरक्षा और सुविधाएं देने के लिए लगातार काम कर रही है ताकि वे बिना किसी रुकावट अपने सपनों को पूरा कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *