KNEWS DESK – NEET-UG पेपर लीक और परीक्षा रद्द होने के बाद मचे बवाल के बीच केंद्र सरकार ने नेशनल टेस्टिंग एजेंसी यानी NTA में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया है. सरकार ने एजेंसी में दो वरिष्ठ अधिकारियों की नियुक्ति कर साफ संकेत दिया है कि अब परीक्षा प्रणाली को लेकर सख्ती और जवाबदेही बढ़ाई जाएगी.
केंद्र सरकार ने वरिष्ठ IRS अधिकारी Ruchita Vij को NTA में जॉइंट सेक्रेटरी नियुक्त किया है. रुचिता विज 2004 बैच की अधिकारी हैं और फिलहाल वित्त मंत्रालय में अपनी सेवाएं दे रही थीं. वहीं दूसरी बड़ी नियुक्ति ISS अधिकारी Anuja Bapat की हुई है. अनुजा बापट 1998 बैच की अधिकारी हैं और उन्हें भी NTA में जॉइंट सेक्रेटरी की जिम्मेदारी सौंपी गई है.
कैबिनेट की नियुक्ति समिति यानी ACC ने इन नियुक्तियों को मंजूरी दी है. जानकारी के मुताबिक, अनुजा बापट की नियुक्ति के लिए NTA में डिप्टी सेक्रेटरी/डायरेक्टर स्तर के पद को अस्थायी तौर पर अपग्रेड किया गया है. दोनों अधिकारियों का कार्यकाल पांच साल का रहेगा.

ये बदलाव ऐसे समय पर किए गए हैं, जब NEET-UG पेपर लीक को लेकर NTA लगातार सवालों के घेरे में है. परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों और अभिभावकों में नाराजगी है. अब NTA 21 जून को दोबारा NEET-UG परीक्षा कराने की तैयारी कर रहा है और ऐसे में इन दोनों अधिकारियों की भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है.
दरअसल, NTA देश की सबसे बड़ी एंट्रेंस परीक्षा कराने वाली संस्था है, जो इंजीनियरिंग, मेडिकल, मैनेजमेंट और रिसर्च से जुड़े राष्ट्रीय स्तर के एग्जाम आयोजित करती है. लेकिन पिछले कुछ वर्षों में एजेंसी की कार्यप्रणाली को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं. ट्रांसपेरेंसी, परीक्षा सुरक्षा और जवाबदेही को लेकर आलोचना बढ़ती जा रही थी, जिसे NEET पेपर लीक विवाद ने और तेज कर दिया.