क्या खाटू श्याम मंदिर में हुई थी सिया-चेतन की शादी? केतन अग्रवाल हत्याकांड में राजस्थान कनेक्शन की जांच

पुणे के केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच अब राजस्थान तक पहुंच गई है। पुलिस सिया गोयल और चेतन चौधरी के रिश्ते से जुड़े पहलुओं की पड़ताल कर रही है। जांच एजेंसी को शक है कि दोनों ने दिसंबर 2025 में राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर में गुपचुप तरीके से शादी की थी। हालांकि, अभी तक इस दावे की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Knews Desk– जांच के दौरान पुलिस को सिया गोयल और चेतन चौधरी के मोबाइल फोन से कुछ चैट मिली हैं। इन बातचीत से दोनों के रिश्ते और कथित शादी से जुड़े सुराग मिलने की बात सामने आई है। इसके बाद पुणे ग्रामीण पुलिस ने राजस्थान कनेक्शन की भी जांच शुरू कर दी।

मामले की पड़ताल के लिए पुलिस की एक विशेष टीम जुलाई में राजस्थान पहुंची थी। टीम ने खाटू श्याम मंदिर और आसपास के इलाकों में शादी से जुड़े रिकॉर्ड और अन्य संभावित सबूतों की जानकारी जुटाई। हालांकि, अब तक पुलिस को ऐसा कोई आधिकारिक दस्तावेज नहीं मिला है, जिससे यह साबित हो सके कि सिया और चेतन ने मंदिर में शादी की थी।

पुलिस को मंदिर में विवाह से संबंधित कोई पंजीकरण रिकॉर्ड या ऐसी सीसीटीवी फुटेज भी नहीं मिली है, जो कथित शादी की पुष्टि कर सके। ऐसे में फिलहाल खाटू श्याम मंदिर में शादी का दावा जांच का एक पहलू मात्र है।

जांच के दौरान पुलिस को दोनों की एक तस्वीर भी मिली है, जिसमें सिया और चेतन एक-दूसरे के गले में फूलों की माला पहने दिखाई दे रहे हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इस तस्वीर को केस की चार्जशीट में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। अब जांच अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि तस्वीर कब और कहां खींची गई थी और उस समय दोनों के बीच किस तरह का संबंध था।

पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या केतन अग्रवाल से सिया की शादी से पहले उसका चेतन चौधरी से विवाह हुआ था। फिलहाल पुलिस डिजिटल चैट, तस्वीर और राजस्थान से जुटाए गए अन्य साक्ष्यों को जोड़कर मामले की पूरी कड़ी समझने की कोशिश कर रही है। खाटू श्याम मंदिर में सिया और चेतन की कथित गुप्त शादी की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *