डिजिटल डेस्क- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले से एक बड़े विमान हादसे की खबर सामने आई है। जानकारी के अनुसार, जिले के नारायणपुर क्षेत्र के चारभाट इलाके में एक प्राइवेट एयर प्लेन क्रैश हो गया है। यह हादसा पहाड़ी इलाके में हुआ, जिसके कारण घटनास्थल से धुएं का गुबार दूर से ही दिखाई दे रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल तुरंत सक्रिय हो गए और मौके के लिए रवाना हो गए। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, यह चार्टर्ड विमान जशपुर जिले के नारायणपुर क्षेत्र के रतनपहली जंगल के ऊपर उड़ान भर रहा था, तभी वह पहाड़ी पर पेड़ों से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि विमान दुर्घटनाग्रस्त होकर पहाड़ी पर ही गिर गया। हादसे के बाद आसपास के ग्रामीणों ने सबसे पहले धुआं उठते देखा और प्रशासन को इसकी सूचना दी।
दुर्गम रास्ते के चलते रेस्क्यू में करना पड़ सकता है कठिनाई का सामना
घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति राहत कार्यों के लिए बड़ी चुनौती बन रही है। चारभाट का यह इलाका पूरी तरह पहाड़ियों और घने जंगलों से घिरा हुआ है, जहां तक पहुंचना आसान नहीं है। ऊंचाई अधिक होने और रास्ते कठिन होने के कारण बचाव दल को मौके तक पहुंचने में दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है। इसके बावजूद टीम लगातार घटनास्थल तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। अब तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि इस प्राइवेट विमान में कितने लोग सवार थे और उनकी स्थिति क्या है। प्रशासन ने फिलहाल इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि रेस्क्यू टीम के मौके पर पहुंचने के बाद ही स्थिति की सही जानकारी मिल पाएगी।
मेडिकल टीमों को किया गया तैयार, एयर रेस्क्यू की भी हो रही तैयारी
हादसे की खबर मिलते ही जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। पुलिस और वन विभाग की टीमों के साथ-साथ मेडिकल इमरजेंसी टीमों को भी तैयार रखा गया है, ताकि घायलों को तुरंत उपचार मिल सके। जरूरत पड़ने पर एयर रेस्क्यू की भी तैयारी की जा रही है। स्थानीय लोगों में इस घटना को लेकर दहशत का माहौल है। दूर से उठता धुआं और पहाड़ी इलाके में हुई इस दुर्घटना ने सभी को चिंता में डाल दिया है। प्रशासन ने लोगों से घटनास्थल के पास न जाने और राहत कार्य में बाधा न डालने की अपील की है।