KNEWS DESK- बिहार की राजनीति में मंगलवार को ऐतिहासिक बदलाव की आहट साफ दिखाई दे रही है। लंबे समय तक सत्ता की कमान संभालने वाले नीतीश कुमार के कार्यकाल के समाप्त होने की प्रक्रिया तेज हो गई है। कैबिनेट की आखिरी बैठक के बाद उन्होंने मंत्रियों को अपने इस्तीफे की जानकारी दी और कैबिनेट भंग करने की सिफारिश भी कर दी। इसके साथ ही राज्य में नई सरकार बनने का रास्ता लगभग साफ हो गया है।
सूत्रों के मुताबिक, नीतीश कुमार जल्द ही राजभवन पहुंचकर अपना इस्तीफा राज्यपाल को सौंप सकते हैं। इस राजनीतिक हलचल के बीच पटना के राजभवन क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और कई इलाकों को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। प्रशासन किसी भी स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में है।
इस्तीफे के बाद अब नई सरकार के गठन की प्रक्रिया तेज हो जाएगी। भारतीय जनता पार्टी की ओर से केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में शिवराज सिंह चौहान को भेजा गया है, जो विधायक दल की बैठक में नए नेता के नाम का चयन कराएंगे। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक में औपचारिक रूप से सरकार गठन पर मुहर लगाई जाएगी।
राजनीतिक गलियारों में सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की है कि बिहार का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा। मौजूदा उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस दौड़ में सबसे मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। माना जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व उनके नाम पर गंभीरता से विचार कर रहा है। उनके आवास के आसपास बढ़ी सुरक्षा और प्रशासनिक गतिविधियों ने इन अटकलों को और भी मजबूत कर दिया है।
सम्राट चौधरी वर्तमान में गृह विभाग जैसे अहम मंत्रालय संभाल रहे हैं और उन्हें पार्टी के भीतर एक मजबूत पिछड़ा चेहरा माना जाता है। पिछले कुछ समय से जिस तरह उनके राजनीतिक कद में लगातार बढ़ोतरी हुई है, उससे यह संकेत मिल रहे हैं कि उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जा सकती है।
बीजेपी की आंतरिक रणनीति और लगातार हो रहे राजनीतिक संकेतों के बीच यह भी चर्चा है कि एनडीए सरकार में मुख्यमंत्री पद पर बीजेपी का नेतृत्व होगा, जबकि उपमुख्यमंत्री की भूमिका अन्य सहयोगी दलों को दी जा सकती है। इस बदलाव के साथ बिहार की राजनीति में एक नया अध्याय शुरू होने जा रहा है।
हालांकि अभी आधिकारिक घोषणा बाकी है, लेकिन राजनीतिक हलकों में यह लगभग तय माना जा रहा है कि आने वाले समय में बिहार की कमान नए नेतृत्व के हाथों में होगी और सम्राट चौधरी राज्य के अगले मुख्यमंत्री बन सकते हैं।