दिल्ली में दशहरे पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के साथ 30 फीट के कॉकरोच का पुतला भी जलाया गया। आयोजकों ने इसे गंदगी और बीमारियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश बताया, जबकि आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस आयोजन पर आपत्ति जताते हुए शिकायत दर्ज कराई। वहीं, दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने AAP पर तंज कसा।
Knews Desk– देशभर में विजयादशमी का त्योहार धूमधाम से मनाया गया। इस बीच उत्तर-पश्चिम दिल्ली के पीतमपुरा स्थित नेताजी सुभाष प्लेस के डीडीए ग्राउंड में आयोजित दशहरा समारोह चर्चा का विषय बन गया। श्री केशव रामलीला समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों के साथ 30 फीट ऊंचा कॉकरोच का पुतला भी जलाया गया। दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा ने कॉकरोच के पुतले का दहन किया।
आयोजकों के मुताबिक, कॉकरोच का पुतला जलाने का उद्देश्य गंदगी और उससे फैलने वाली बीमारियों के प्रति लोगों को जागरूक करना था। इसके जरिए लोगों को अपने घरों और आसपास के इलाकों को साफ-सुथरा रखने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और कॉकरोच का विशाल पुतला आकर्षण का केंद्र रहा।
इस आयोजन को दिल्ली में हाल के दिनों में हुए कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन से भी जोड़कर देखा जा रहा है। CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया देते हुए आयोजकों का धन्यवाद किया और इसे मुफ्त की पब्लिसिटी बताया। वहीं, CJP की कानूनी मामलों की प्रमुख रत्ना सिंह ने इसे तमाशा करार दिया।
इस बीच आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने श्री केशव रामलीला समिति के आयोजकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। यह शिकायत दिल्ली के उपराज्यपाल और पुलिस आयुक्त को भेजी गई है। भारद्वाज ने आरोप लगाया कि आयोजन के जरिए लोगों की धार्मिक भावनाओं को जानबूझकर आहत करने, हिंदू परंपराओं में बदलाव करने और समुदायों के बीच दुश्मनी भड़काने की कोशिश की गई।
शिकायत में समिति के अध्यक्ष और बीजेपी विधायक अशोक गोयल देवराहा तथा दिल्ली सरकार के मंत्री कपिल मिश्रा समेत अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। सौरभ भारद्वाज ने मामले में FIR दर्ज करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो वह अदालत का दरवाजा खटखटाएंगे।
वहीं, AAP की आपत्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए कपिल मिश्रा ने कहा कि पुतला कॉकरोच का जल रहा है, लेकिन दर्द देश की राजनीतिक दीमकों को हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता इनके खिलाफ कीटनाशक का काम करती है। मिश्रा ने कॉकरोच को गंदगी और अव्यवस्था का प्रतीक बताते हुए राजनीतिक विरोधियों पर निशाना साधा।
दशहरे पर कॉकरोच का पुतला जलाने का यह मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप ले चुका है। एक ओर आयोजक इसे स्वच्छता और बीमारियों के खिलाफ जागरूकता का संदेश बता रहे हैं, वहीं दूसरी ओर AAP ने धार्मिक भावनाओं से जुड़े मुद्दे पर कार्रवाई की मांग की है।