अमेठी में कचौरी-टिक्की खाने से 102 लोग बीमार, 39 बच्चे भी शामिल; दो आरोपी गिरफ्तार

अमेठी में मेले के दौरान कचौरी और टिक्की खाने के बाद 102 लोगों की तबीयत बिगड़ गई। बीमारों में 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल हैं। गंभीर हालत में 17 लोगों को तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। पुलिस ने बिना लाइसेंस फूड स्टॉल चलाने वाले दुकानदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के अमेठी में मेले के दौरान कचौरी और टिक्की खाने से 102 लोगों के बीमार पड़ने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, मेले में एक स्टॉल से स्नैक्स खाने के बाद बच्चों और बड़ों को उल्टी-दस्त की शिकायत होने लगी। ग्राम प्रधान ने इसकी सूचना अधिकारियों को दी, जिसके बाद मेडिकल टीम मौके पर पहुंची और मरीजों का इलाज शुरू किया गया।

बीमार लोगों में 39 बच्चे और 63 वयस्क शामिल हैं। इनमें 10 बच्चे और सात वयस्कों समेत कुल 17 लोगों की हालत गंभीर होने पर उन्हें तिलोई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान के मुताबिक, सभी मरीज अब ठीक हैं और खतरे से बाहर हैं। स्थिति पर नजर रखने के लिए गांव में स्वास्थ्य टीम तैनात की गई है।

पुलिस ने मामले में राजकुमार और शिव कुमार साहू को गिरफ्तार किया है। राजकुमार ने मेले में खाने-पीने का स्टॉल लगाया था, लेकिन उसके पास खाद्य सामग्री बेचने का लाइसेंस नहीं था। वहीं, शिव कुमार साहू से उसने तेल खरीदा था। तेल की दुकान से नमूना भी लिया गया है।

एसपी सरवणन टी के मुताबिक, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मिथुन की शिकायत पर दोनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 275 और खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम की धाराएं लगाई गई हैं। दोनों मोहनगंज थाना क्षेत्र के मटरवा गांव के निवासी हैं। पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *