74 मौतों के बाद बदला मौसम का मिजाज, यूपी में बढ़ेगी गर्मी, दिल्ली में 72 घंटे बाद हीटवेव का खतरा

KNEWS DESK- देश के कई राज्यों में पिछले कुछ दिनों से मौसम ने अचानक करवट ली हुई है। कहीं तेज आंधी और बारिश लोगों के लिए राहत लेकर आई तो कहीं यही मौसम आफत बन गया। उत्तर प्रदेश में बुधवार, 13 मई को आए तेज तूफान और बारिश ने भारी तबाही मचाई, जिसमें 74 लोगों की जान चली गई। कई जिलों में पेड़ गिरने, बिजली गिरने और तेज हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ।

राजधानी दिल्ली में भी धूल भरी आंधी और हल्की बारिश देखने को मिली। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि यह राहत ज्यादा दिनों तक नहीं रहने वाली। अगले 72 घंटों में दिल्ली में एक बार फिर भीषण गर्मी लौट सकती है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 18 मई के लिए हीटवेव का अलर्ट जारी किया है। अनुमान है कि दिल्ली का तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

IMD के मुताबिक 14 मई से उत्तर प्रदेश में मौसम धीरे-धीरे शुष्क होने लगेगा। बारिश का दौर खत्म होने के बाद तापमान तेजी से बढ़ेगा और लोगों को दोबारा भीषण गर्मी का सामना करना पड़ेगा। राजधानी लखनऊ में गुरुवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। फिलहाल बारिश की संभावना नहीं जताई गई है।

कानपुर, आगरा, वाराणसी और बरेली समेत कई जिलों में भी मौसम साफ रहेगा और तापमान में बढ़ोतरी दर्ज होगी। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बुंदेलखंड क्षेत्र में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं प्रदेश के दक्षिणी इलाकों में फिर से लू चलने की आशंका जताई गई है।

मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, उत्तर प्रदेश के पश्चिमोत्तर हिस्से में बने चक्रवाती परिसंचरण, दक्षिण राजस्थान से आने वाली पुरवा हवाओं और मध्य क्षोभमंडल की पछुआ हवाओं के आपसी प्रभाव से आंधी और बारिश की स्थिति बनी। इसी वजह से कई इलाकों में तेज तूफान और बारिश देखने को मिली।

उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में मौसम अभी भी सक्रिय बना हुआ है। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 15 और 16 मई को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की भी संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

उत्तराखंड में 14 मई तक मौसम खराब बना रह सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में भी गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। राजस्थान के कुछ हिस्सों में भी तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है।

पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है। नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 17 मई तक बारिश की संभावना है। वहीं असम और मेघालय में 14 से 17 मई के बीच भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। कई इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश और त्रिपुरा के कुछ क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।

पूर्वी भारत की बात करें तो पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 मई तक भारी बारिश होने की संभावना है। बिहार, झारखंड और ओडिशा में गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि बिहार और झारखंड के कुछ इलाकों में आंधी के दौरान हवा की रफ्तार 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

दक्षिण भारत के कई राज्यों में भी बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना है। केरल, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में 17 मई तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल और लक्षद्वीप में भी मौसम सक्रिय रहेगा। तेलंगाना और कर्नाटक के कई हिस्सों में बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 16 मई के आसपास दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं। इससे आने वाले दिनों में देश के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *