KNEWS DESK- संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से दिल्ली में समरसता संकल्प अभियान और पावन माटी कलश वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी के कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए। कार्यक्रम के जरिए संत रविदास के समानता, सामाजिक एकता और मानव सम्मान के संदेश को लोगों तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया गया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता दिल्ली भाजपा अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने की। इस दौरान संत रविदास के सामाजिक विचारों और उनके बताए मार्ग पर चर्चा हुई। नेताओं ने कहा कि संत रविदास ने समाज में फैली ऊंच-नीच और भेदभाव जैसी कुरीतियों के खिलाफ आवाज उठाई और समानता पर आधारित समाज की कल्पना की।
नितिन नबीन ने संत रविदास के विचारों को बताया प्रेरणादायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने संत रविदास को नमन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने सामाजिक ऊंच-नीच और कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष करते हुए सामाजिक समरसता की मजबूत नींव रखी। उनके विचार आज भी समाज को समानता, सम्मान और एकता की दिशा में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। नितिन नबीन ने कहा कि समरसता संकल्प अभियान का उद्देश्य संत रविदास के विचारों और उनके सामाजिक संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 29 जुलाई को गुरु पूर्णिमा के अवसर पर की गई थी।
उन्होंने कहा कि संत रविदास की तपोभूमि से लाई गई पावन माटी को कलश के माध्यम से देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाया जाएगा। यह पहल केवल धार्मिक आस्था से जुड़ी नहीं है, बल्कि संत रविदास के सामाजिक एकता और समानता के संदेश को आगे बढ़ाने का माध्यम भी है।
PM मोदी के ‘सबका साथ’ के विजन का किया जिक्र
भाजपा अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस विचार में सामाजिक समरसता और समाज के हर वर्ग को साथ लेकर चलने की भावना निहित है। उन्होंने कहा कि संत रविदास के विचारों को वर्तमान समय में अपनाकर समाज में भेदभाव को कम किया जा सकता है और हर व्यक्ति को सम्मान एवं समान अवसर देने की दिशा में आगे बढ़ा जा सकता है।
रेखा गुप्ता बोलीं- हर व्यक्ति को मिले समान अवसर
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने समता और हर श्रमिक के सम्मान पर आधारित समाज का रास्ता दिखाया। उनके विचार आज भी न्याय, एकता और समावेश की दिशा में समाज का मार्गदर्शन करते हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पावन माटी कलश केवल मिट्टी का प्रतीक नहीं है, बल्कि इसमें संत रविदास की तपोभूमि से निकला समरसता, एकात्मता और सामाजिक समानता का संदेश भी जुड़ा है।
रेखा गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन से प्रेरणा लेते हुए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को समान अवसर, सम्मान और गरिमा उपलब्ध कराने का सामूहिक संकल्प लेना चाहिए। उनके मुताबिक, संत रविदास के आदर्शों को अपने सामाजिक जीवन में अपनाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
भाजपा के कई बड़े नेता कार्यक्रम में हुए शामिल
कार्यक्रम में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, पूर्व राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम, सांसद, दिल्ली सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और जिला अध्यक्षों के अलावा संत समाज के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान संत रविदास के समानता, सामाजिक समरसता, श्रम की गरिमा और मानव सम्मान से जुड़े विचारों को आगे बढ़ाने पर जोर दिया गया। भाजपा नेताओं ने कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग को एकता और सद्भाव के सूत्र में जोड़ना संत रविदास के विचारों को वास्तविक रूप से अपनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। इस आयोजन के जरिए पार्टी ने संत रविदास के संदेश को व्यापक स्तर पर पहुंचाने और सामाजिक समरसता के प्रति लोगों को जागरूक करने का संकल्प दोहराया।