Knews Desk– प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें शुभकामनाएं और बधाई दी है। सीएम योगी ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर उनके नेतृत्व में देश में हुए बदलावों, सुशासन और विकास कार्यों की सराहना की।
अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को नई दिशा, नई गति और नया आत्मविश्वास मिला है। उन्होंने कहा कि बीते 12 वर्षों में देश ने विकास, बुनियादी ढांचे, सामाजिक कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
सीएम योगी ने विशेष रूप से उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश आस्था और अर्थव्यवस्था का संगम बनकर उभरा है। उन्होंने अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर रामलला के विराजमान होने और काशी विश्वनाथ धाम के पुनरोद्धार को ऐतिहासिक उपलब्धियां बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में मिशन रोजगार के तहत 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गई हैं। वहीं कौशल विकास कार्यक्रमों के माध्यम से करीब 25 लाख युवाओं को उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिले हैं। उन्होंने यह भी कहा कि MSME, ODOP और स्टार्टअप योजनाओं के जरिए 3 करोड़ से अधिक रोजगार और स्वरोजगार के अवसर सृजित हुए हैं।
योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में एक्सप्रेस-वे, दिल्ली-मेरठ RRTS, डेडिकेटेड फ्रेट कॉरिडोर, मेट्रो, एयरपोर्ट और औद्योगिक कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनसे उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी और निवेश क्षमता में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
उन्होंने कहा कि बेहतर कानून-व्यवस्था, माफिया-मुक्त वातावरण और निवेश-अनुकूल नीतियों के कारण उत्तर प्रदेश निवेशकों की पसंदीदा मंजिल बन रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार, 2017 की तुलना में प्रदेश की अर्थव्यवस्था लगभग तीन गुना बढ़ी है और उत्तर प्रदेश तेजी से एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।