अखिलेश यादव का ऐलान, सपा सरकार बनी तो विश्वकर्मा जयंती पर होगी छुट्टी

KNEWS DESK- अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार बनने पर विश्वकर्मा समाज के कारीगरों को विशेष बजट, बाजार और उत्पादन के लिए सहयोग दिया जाएगा। रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा मंदिर बनाने का भी दावा किया। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने विश्वकर्मा जयंती के मौके पर कई बड़े ऐलान किए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सपा की सरकार बनने पर भगवान विश्वकर्मा जयंती के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। इसके साथ ही रिवर फ्रंट पर भगवान विश्वकर्मा मंदिर का निर्माण कराया जाएगा।

अखिलेश यादव ने भगवान विश्वकर्मा के महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने न केवल सृष्टि का निर्माण किया, बल्कि द्वारिकापुरी के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा समाज के कारीगरों को बाजार उपलब्ध कराने और उत्पादन बढ़ाने के लिए विशेष बजट का प्रावधान किया जाएगा।

इस दौरान अखिलेश यादव ने प्रदेश की सड़कों और एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता को लेकर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कानपुर एक्सप्रेसवे और पूर्वांचल एक्सप्रेसवे का जिक्र करते हुए निर्माण कार्यों में कथित खामियों का आरोप लगाया। अखिलेश ने कहा कि जिन परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा चुका है, उन पर अभी भी मरम्मत और निर्माण का काम चल रहा है।

उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी सरकार में भ्रष्टाचार और लूट बढ़ी है। अखिलेश ने अंसल हाईटेक सिटी सहित कई परियोजनाओं में कथित अनियमितताओं का मुद्दा उठाया और सरकार पर सरकारी संपत्तियों को बेचने का आरोप लगाया। यूपीआई चार्ज के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि हर लेन-देन पर शुल्क लगाने की तैयारी की जा रही है और महंगाई पर सरकार के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार बनने पर आईटीआई के युवाओं के लिए नौकरी और रोजगार के अवसर बढ़ाने का काम किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *