दिशा सालियन केस में आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का मानहानि नोटिस

KNEWS DESK- दिशा सालियन के पिता सतीश सालियन ने दोनों नेताओं पर न्याय की लड़ाई को राजनीति से प्रेरित बताने और उनकी प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाया है। दिवंगत अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की पूर्व मैनेजर दिशा सालियन की मौत के मामले में उनके पिता सतीश सालियन ने शिवसेना (UBT) नेता आदित्य ठाकरे और एनसीपी (SP) नेता अनिल देशमुख को 500 करोड़ रुपये का कानूनी नोटिस भेजा है। नोटिस के जरिए दोनों नेताओं से हर्जाने की मांग की गई है।

कानूनी नोटिस में आरोप लगाया गया है कि आदित्य ठाकरे और अनिल देशमुख ने सतीश सालियन की न्याय के लिए जारी लड़ाई को राजनीति से प्रेरित दिखाने की कोशिश की। सतीश सालियन का कहना है कि इस तरह के बयानों से उनकी ईमानदारी, विश्वसनीयता और सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा है। नोटिस में आदित्य ठाकरे पर सतीश सालियन के इरादों पर सवाल उठाने का आरोप लगाया गया है। इसमें कहा गया है कि उनके संघर्ष को दुर्भावनापूर्ण और राजनीतिक मकसद से प्रेरित बताने की कोशिश की गई। नोटिस के मुताबिक, ऐसे आरोप बिना किसी विश्वसनीय सबूत के लगाए गए और उनका उद्देश्य सतीश सालियन की छवि खराब करना था।

सतीश सालियन ने यह भी आरोप लगाया कि आदित्य ठाकरे ने गलत तरीके से दावा किया कि सीबीआई ने दिशा सालियन मामले की जांच पूरी कर उन्हें क्लीन चिट दे दी है। नोटिस में कहा गया है कि ठाकरे ने दिशा सालियन के नाम का इस्तेमाल उन्हें परेशान करने के लिए किए जाने का दावा किया था। अनिल देशमुख ने कथित तौर पर इस दावे का समर्थन किया।

नोटिस के अनुसार, 23 मार्च 2025 को अनिल देशमुख ने कहा था कि दिशा सालियन मामला आदित्य ठाकरे को बदनाम करने की साजिश है। सतीश सालियन का आरोप है कि इस बयान के प्रचारित होने से उन्हें ऐसे व्यक्ति के रूप में पेश किया गया, जो राजनीतिक मकसद से न्यायिक प्रक्रिया का इस्तेमाल कर रहा है। दिशा सालियन की 8 जून 2020 को मुंबई के मलाड इलाके में एक ऊंची इमारत से गिरने के बाद मौत हो गई थी। उनकी उम्र 28 वर्ष थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *