KNEWS DESK- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 76वें जन्मदिन और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी की ओर से देशभर में सेवा और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने ओडिशा के संबलपुर स्थित मां समलेश्वरी मंदिर में दीप जलाकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।
धर्मेंद्र प्रधान के साथ पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी मंदिर में दीप प्रज्वलित किए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के अच्छे स्वास्थ्य, लंबी उम्र तथा देश की सेवा करते रहने की प्रार्थना की। इस दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही।

वहीं, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में पूरे विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है।
राजनाथ सिंह ने कहा कि सड़क, बिजली और बुनियादी ढांचे से लेकर डिजिटल कनेक्टिविटी तक देश ने महत्वपूर्ण प्रगति की है। गरीबों के कल्याण, नए विचारों, कारोबार और रोजगार के अवसरों के क्षेत्र में भी बदलाव देखने को मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने सुशासन और जनता की सेवा को सरकार के कामकाज में सर्वोच्च प्राथमिकता दी है, जिससे व्यवस्था अधिक पारदर्शी और जवाबदेह हुई है। रक्षा मंत्री ने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत की प्राचीन सभ्यता और संस्कृति को वैश्विक स्तर पर नई पहचान मिली है। देश अपनी जड़ों से ताकत लेकर नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ रहा है।
बता दें कि प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में बीजेपी 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक एक महीने का राष्ट्रव्यापी सेवा संकल्प अभियान चला रही है।