भीख मांगकर महिला ने जमा किए 8.40 लाख रुपये, मौत के बाद 30 से ज्यादा बोरियों में मिली नकदी

KNEWS DESK- कर्नाटक के मांड्या जिले में एक बुजुर्ग महिला की मौत के बाद उनके घर से इतनी बड़ी रकम बरामद हुई कि उसे देखकर स्थानीय लोग भी हैरान रह गए। गुथलू इलाके में रहने वाली 68 वर्षीय हूर नाम की महिला की वृद्धावस्था से जुड़ी बीमारी के कारण मौत हो गई। वह लंबे समय से भीख मांगकर अपना गुजारा करती थीं। उनके निधन के बाद जब रिश्तेदारों और स्थानीय लोगों ने घर की तलाशी ली तो वहां 30 से ज्यादा प्लास्टिक की बोरियां मिलीं, जिनमें सिक्के और छोटे नोट भरे हुए थे।

बताया गया कि हूर ने वर्षों तक भीख मांगकर मिले पैसों में से रकम बचाई थी। वह बड़े नोटों की जगह मुख्य रूप से सिक्के और 10, 20 और 50 रुपये के नोट जमा करती थीं। उनकी मौत के बाद घर में जमा इस नकदी को देखकर आसपास के लोग हैरान रह गए।

सुबह से शाम तक गिनी गई रकम

महिला के अंतिम संस्कार के बाद स्थानीय लोगों और रिश्तेदारों ने घर में रखे पैसों को बाहर निकाला। इसके बाद सुबह से लेकर शाम तक बैठकर सिक्कों और नोटों की गिनती की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में छोटी रकम के नोट और हजारों सिक्के सामने आए सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो में भी लोगों को बोरियों से पैसे निकालकर गिनते हुए देखा जा सकता है। कई बोरियां सफेद, नीले और पीले रंग की प्लास्टिक की थीं, जिनमें नकदी भरी हुई थी।

कुल 8.40 लाख रुपये निकले

काफी देर तक चली गिनती के बाद घर से मिली कुल रकम करीब 8 लाख 40 हजार रुपये बताई गई। जानकारी के मुताबिक, हूर अपनी बहन के साथ किराए के मकान में रहती थीं। उनकी बहन की करीब दो साल पहले मौत हो गई थी। दोनों बहनें अविवाहित थीं और हूर अकेले भीख मांगकर अपना जीवन चलाती थीं। महिला की मौत के बाद मिली रकम को उसके भाइयों के बीच बांट दिया गया। बताया गया कि एक भाई को 6 लाख रुपये और दूसरे भाई को 2 लाख 40 हजार रुपये मिले।

रिपोर्ट के मुताबिक, एक भाई ने अपने हिस्से की रकम मस्जिद में दान कर दी। वहीं, पैसे के बंटवारे को लेकर रिश्तेदारों के बीच तनातनी की स्थिति भी देखने को मिली। भीख मांगकर जीवन बिताने वाली एक बुजुर्ग महिला द्वारा वर्षों तक छोटी-छोटी रकम बचाकर 8.40 लाख रुपये जमा करना अब इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *