शराबी युवकों ने अजगर को दबोचकर जबरन पिला दी शराब, वीडियो देख आग बबूला हुए लोग

KNEWS DESK- साउथ अफ्रीका से एक हैरान कर देने वाला वीडियो सामने आया है| जिसमें कुछ शराबी युवकों ने छह फीट के अजगर को दबोचकर उसका मुंह पकड़ा और जबरन उसे शराब पिला दी| अब सोशल मीडिया पर ये वीडियो काफी तेजी से वायरल हो रहा है| लोग वीडियो पर गुस्से से भरी कमेंट्स कर रहे हैं|

वायरल हो रहे वीडियो के बाद लोगों ने युवकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और सर्प विशेषज्ञों ने कहा कि सरीसृप के अंगों में शराब जैसी चीजों को पचाने की क्षमता नहीं है| ऐसे में अजगर के अंदरूनी अंग जल गए होंगे या उसकी मौत हो गई होगी| दरअसल, शराबी युवकों का झुंड झाड़ियों के पास बैठा हुआ था, तभी उनकी नजर एक अजगर पर पड़ी| इसके बाद उन्होंने सांप को पकड़कर उसे शराब पिलाना शुरू कर दिया| वायरल हुई वीडियो में देखा जा सकता है कि युवकों ने बड़ी बेरहमी से अजगर के मुंह को पकड़ा हुआ है| सांप बेचारा काफी बेबस लग रहा है| इसके बाद तीनों युवक अजगर के मुंह में शराब की पूरी बोतल उड़ेलते हैं|

वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने अज्ञात युवकों के खिलाफ पशुओं के साथ क्रूरता के तहत मामला दर्ज कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है| बताया जा रहा है कि जिस अफ्रीकी रॉक अजगर के साथ ये घटना घटी है, वो संरक्षित है| ऐसे में पुलिस इस मामले के लिए और भी ज्यादा सख्ती पेश कर रही है|

ब्रिटिश स्नेक एक्सपर्ट माइकल ग्रोवर ने कहा- शराब की थोड़ी मात्रा भी सरीसृप के लिए घातक हो सकती है| शराब सांपों के लिए बेहद जहरीला साबित होता है| यह उसके लीवर और अन्य अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है| इससे ऑर्गेन फेल्योर और मौत भी हो सकती है|

About Post Author