परिसीमन बिल को लेकर INDIA गठबंधन में मतभेद बढ़ गए हैं। DMK और NCP-SP के समर्थन के संकेत के बीच सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे समेत विपक्षी नेता चेन्नई में एमके स्टालिन से मिले और बिल के विरोध में समर्थन मांगा।
KNEWS DESK– परिसीमन बिल को लेकर INDIA गठबंधन के भीतर मतभेद खुलकर सामने आ गए हैं। DMK और NCP-SP ने केंद्र के संशोधित प्रस्तावों के समर्थन के संकेत दिए हैं, जबकि कांग्रेस समेत कई विपक्षी दल बिल का विरोध कर रहे हैं। इसी बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी, राहुल गांधी, ममता बनर्जी और अन्य विपक्षी नेता चेन्नई में DMK अध्यक्ष एमके स्टालिन से मुलाकात करने पहुंचे।
मुलाकात के दौरान स्टालिन ने INDIA ब्लॉक के नेताओं का स्वागत किया। राहुल गांधी और स्टालिन ने एक-दूसरे को गले लगाकर अभिवादन किया। विपक्षी नेता स्टालिन से परिसीमन बिल का विरोध करने के लिए समर्थन मांगने पहुंचे थे।
कांग्रेस को उम्मीद है कि बातचीत के बाद DMK अपने रुख पर पुनर्विचार कर सकती है। राहुल गांधी ने पहले ही कहा था कि लोकसभा की सीटें 850 तक बढ़ाने से लोकतंत्र पर असर पड़ेगा और BJP-RSS को चुनावी नक्शे को अपने पक्ष में बदलने की गुंजाइश मिलेगी। उन्होंने स्टालिन से देश, तमिलनाडु और संविधान के हित में बिल को मिलकर हराने की अपील की।
वहीं, DMK सांसद कनिमोझी ने कहा कि पार्टी ने कांग्रेस अध्यक्ष खरगे को अपना रुख स्पष्ट कर दिया है और अब कांग्रेस को भी अपना रुख साफ करना चाहिए। उन्होंने बताया कि स्टालिन विपक्षी नेताओं से मुलाकात के बाद अंतिम फैसला लेंगे।
प्रस्ताव के मुताबिक लोकसभा की अधिकतम सीटें 850 करने और सभी राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों में लोकसभा तथा विधानसभा सीटों की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाने की बात है। DMK का कहना है कि तमिलनाडु की सीटों में बढ़ोतरी और 2051 तक राज्यों के प्रतिनिधित्व का अनुपात सुरक्षित रखने की उसकी मांग मानी गई है।
लोकसभा में दो-तिहाई बहुमत के लिए 360 वोट जरूरी बताए जा रहे हैं। DMK के समर्थन से सरकार के पक्ष में करीब 354 वोट होने का अनुमान है। ऐसे में स्टालिन का अंतिम फैसला विधेयक के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।