KNEWS DESK- भारतीय सिनेमा में आने वाले दो साल बेहद खास होने वाले हैं। साउथ और बॉलीवुड के कई बड़े निर्देशक बड़े बजट और सुपरस्टार्स के साथ ऐसी फिल्मों की तैयारी कर रहे हैं, जिनसे बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बनने की उम्मीद है। ‘वराणसी’, ‘रामायण पार्ट 2’, ‘कल्कि पार्ट 2’ और ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2’ जैसी फिल्मों को लेकर दर्शकों में पहले से ही जबरदस्त उत्साह है।
एसएस राजामौली की ‘वराणसी’
एसएस राजामौली की ‘वराणसी’ को 2027 की सबसे बड़ी फिल्मों में गिना जा रहा है। फिल्म का बजट करीब 1300 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। इसमें महेश बाबू मुख्य भूमिका में हैं, जबकि पृथ्वीराज सुकुमारन विलेन के किरदार में नजर आएंगे। प्रियंका चोपड़ा भी फिल्म का हिस्सा हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म अगस्त 2027 में रिलीज हो सकती है।
नितेश तिवारी की ‘रामायण पार्ट 2’
नितेश तिवारी की ‘रामायण’ के दूसरे पार्ट को लेकर भी दर्शकों की उत्सुकता बढ़ी हुई है। रिपोर्ट्स के अनुसार करीब 2000 करोड़ रुपये के बजट में बन रही यह फिल्म अब दिवाली 2028 में रिलीज हो सकती है। फिल्म में सनी देओल के हनुमान किरदार को लेकर भी काफी चर्चा है।
एटली की ‘राका’
एटली और अल्लू अर्जुन की जोड़ी पहली बार बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। ‘राका’ का अनुमानित बजट 800 से 1000 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। फिल्म के दिसंबर 2026 में रिलीज होने की उम्मीद है।
सिद्धार्थ आनंद की ‘किंग’
शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद एक बार फिर साथ काम कर रहे हैं। ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को रिलीज होने वाली है। फिल्म का बजट करीब 400 से 550 करोड़ रुपये बताया जा रहा है।
नाग अश्विन की ‘कल्कि पार्ट 2’
‘कल्कि 2898 एडी’ की सफलता के बाद इसके दूसरे पार्ट का इंतजार है। प्रभास, अमिताभ बच्चन और कमल हासन की मौजूदगी वाली यह फिल्म करीब 700 करोड़ रुपये के बजट में बन रही है और दिसंबर 2027 में रिलीज हो सकती है।
संदीप रेड्डी वांगा की ‘स्पिरिट’
प्रभास स्टारर ‘स्पिरिट’ को करीब 500 करोड़ रुपये के बजट में बनाया जा रहा है। फिल्म 2027 की दिवाली पर रिलीज होने की उम्मीद है।
अयान मुखर्जी की ‘ब्रह्मास्त्र पार्ट 2’
‘ब्रह्मास्त्र’ के दूसरे पार्ट का बजट करीब 550 करोड़ रुपये बताया जा रहा है। फिल्म 2027-28 के दौरान सिनेमाघरों में दस्तक दे सकती है।