समस्तीपुर में शराब आरोपी को छुड़ाने की कोशिश, पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला

विभूतिपुर के पतैलिया गांव में गश्त के दौरान पुलिस ने अवैध देशी शराब के साथ आरोपी को पकड़ा था। आरोपी को वाहन तक ले जाते समय भीड़ ने पुलिसकर्मियों को घेरा और मारपीट की।

Knews Desk – बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर में गिरफ्तार आरोपी को छुड़ाने की कोशिश के दौरान पुलिस टीम पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। घटना पतैलिया गांव के मुसहरी टोल की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, हमले में साखमोहन चौकी प्रभारी पुलिस अवर निरीक्षक अरशद इमाम अंसारी समेत कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं।

जानकारी के मुताबिक, साखमोहन चौकी प्रभारी अरशद इमाम अंसारी पुलिस बल के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान कर्रख वार्ड-1 निवासी 48 वर्षीय संजय मंडल को अवैध देशी शराब के साथ गिरफ्तार किया गया। पुलिस टीम आरोपी को वाहन तक ले जा रही थी, तभी लोगों ने टीम पर हमला कर दिया।

पिस्तौल और फोन छीनने की कोशिश का आरोप

घटना के दौरान पुलिस टीम के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की गई। वायरल वीडियो के संबंध में बताया जा रहा है कि एक युवक ने दारोगा का हाथ पकड़कर उन्हें गड्ढे में गिरा दिया। इसके बाद दारोगा का फोन छीने जाने और उनकी पिस्तौल छीनने की कोशिश किए जाने की बात सामने आई है।

पुलिस के मुताबिक, दारोगा पर लोहे के कड़े से सिर पर वार किए जाने की बात भी कही जा रही है। पुलिस बल के अन्य सदस्यों को भी घेरकर पीटने का आरोप है। इस दौरान सरकारी वाहन का शीशा भी तोड़ दिया गया।

60 अज्ञात लोगों पर FIR, चार गिरफ्तार

ग्रामीण एसपी मुकुल रंजन ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को लेकर जाते समय पुलिस टीम के साथ मारपीट की गई। चौकी इंचार्ज के आवेदन पर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के मुताबिक, इस मामले में 60 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। वहीं बिरजू कुमार उर्फ बिरजू सदा, रोहित कुमार, चंदन कुमार और प्रमोद कुमार को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी पतैलिया वार्ड-10 मुसहरी टोल के रहने वाले हैं।

पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *