KNEWS DESK- बॉलीवुड एक्ट्रेस शरवरी वाघ ने कम समय में इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई है। अब एक्ट्रेस सूरज बड़जात्या की फैमिली ड्रामा फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना के साथ नजर आ रही हैं। फिल्म को लेकर शरवरी ने अपनी उम्मीदों और अल्फा की विफलता से मिली सीख पर खुलकर बात की है।
अल्फा की विफलता पर क्या बोलीं शरवरी?
हालिया इंटरव्यू में शरवरी वाघ से पूछा गया कि क्या ‘अल्फा’ को लेकर लोगों ने फिल्म के प्रति ज्यादा कठोर रवैया अपनाया। इस पर एक्ट्रेस ने कहा कि जब किसी कलाकार को दर्शकों से प्यार मिलता है तो वह उसे खुले दिल से स्वीकार करता है। ऐसे में आलोचना को भी विनम्रता से स्वीकार करना चाहिए।
शरवरी ने कहा कि फिल्में आखिरकार दर्शकों के लिए बनाई जाती हैं। अगर ऑडियंस किसी फिल्म को स्वीकार नहीं करती है तो कलाकारों को उनके नजरिए को समझना और उसका सम्मान करना चाहिए। उनके मुताबिक, सफलता के साथ आलोचना को भी ईमानदारी से स्वीकार करना जरूरी है।
‘ये प्रेम मोल लिया’ से क्या उम्मीदें हैं?
शरवरी ने बताया कि ‘ये प्रेम मोल लिया’ में भी उनका स्वागत बहुत प्यार के साथ किया गया। हालांकि, उन्होंने माना कि किसी फिल्म का बॉक्स ऑफिस पर प्रदर्शन कैसा रहेगा, इसका पहले से अनुमान लगाना मुश्किल होता है।
एक्ट्रेस ने कहा कि उन्होंने अब तक बहुत कम फिल्मों में काम किया है और वह इस समय अपने सपने को जी रही हैं। जिन निर्देशकों और निर्माताओं ने उन पर भरोसा जताया है, उनके विश्वास को सही साबित करना ही उनके लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है।
पहली बार आयुष्मान खुराना के साथ किया काम
‘ये प्रेम मोल लिया’ के जरिए शरवरी ने पहली बार आयुष्मान खुराना के साथ काम किया है। फिल्म का निर्देशन सूरज बड़जात्या ने किया है। शरवरी के लिए यह प्रोजेक्ट इसलिए भी खास है क्योंकि इसमें उन्हें फैमिली ड्रामा जैसे अलग जॉनर में काम करने का मौका मिला है।
27 नवंबर को रिलीज हुई फिल्म
‘ये प्रेम मोल लिया’ 27 नवंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म में शरवरी वाघ और आयुष्मान खुराना के अलावा अनुपम खेर, सवानंद किरकिरे और सीमा पाहवा भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। फिल्म की बॉक्स ऑफिस पर इमरान हाशमी की ‘गनमास्टर G9’ से भी टक्कर हो रही है। अब देखना होगा कि आने वाले दिनों में फिल्म दर्शकों के बीच कितनी पकड़ बना पाती है।