KNEWS DESK- IIT मद्रास ने बीटेक छात्रों के लिए छह महीने की इंटर्नशिप योजना शुरू करने की घोषणा की है। इसका पहला बैच जनवरी 2027 से शुरू होगा। 2024 बैच और इसके बाद के छात्र इस योजना का लाभ उठा सकेंगे।
छठे सेमेस्टर में होगी छह महीने की इंटर्नशिप
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान मद्रास ने अपने रिवाइज्ड अंडरग्रेजुएट करिकुलम के तहत बीटेक छात्रों के लिए छह महीने की इंटर्नशिप शुरू की है। यह इंटर्नशिप छठे सेमेस्टर में होगी, जिसमें छात्रों को कंपनियों के साथ काम करने और वास्तविक प्रोजेक्ट्स पर अनुभव हासिल करने का मौका मिलेगा। इस प्रोग्राम का पहला बैच जनवरी 2027 से शुरू होगा।
इस योजना का संचालन IIT मद्रास का करियर पाथवे सेंटर (CPC) करेगा। इसका उद्देश्य छात्रों को पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री की जरूरतों, कार्यप्रणाली और व्यावहारिक चुनौतियों से परिचित कराना है। इसके लिए संस्थान देश और विदेश की कंपनियों के साथ साझेदारी कर रहा है।
देश-विदेश की कंपनियों में मिलेंगे अवसर
IIT मद्रास छात्रों के लिए भारत और विदेश की कंपनियों में इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहा है। इसके साथ ही रिमोट इंटर्नशिप का विकल्प भी दिया जाएगा। अमेजन इंडिया अक्टूबर 2026 से IIT मद्रास के छात्रों को ऑनलाइन इंटर्नशिप के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
IIT मद्रास के निदेशक प्रोफेसर वी. कामाकोटी के अनुसार, नई तकनीकों और अलग-अलग क्षेत्रों के बढ़ते जुड़ाव के बीच छात्रों के लिए इंडस्ट्री में काम करने का अनुभव जरूरी हो गया है।
कंपनियों को भी मिलेगा छात्रों को परखने का मौका
पहले बीटेक के तीसरे वर्ष के बाद छात्रों को आमतौर पर दो महीने की समर इंटर्नशिप मिलती थी। अब छह महीने की इंटर्नशिप से छात्रों को अपनी पढ़ाई में सीखी चीजों को वास्तविक प्रोजेक्ट्स में लागू करने का अधिक समय मिलेगा। वहीं कंपनियां भी छात्रों की क्षमता और स्किल को लंबे समय तक परख सकेंगी। इससे प्री-प्लेसमेंट ऑफर (PPO) मिलने की संभावनाएं बढ़ सकती हैं।
KRAFTON के साथ KIGI अकादमी की शुरुआत
IIT मद्रास ने दक्षिण कोरियाई गेमिंग कंपनी KRAFTON की भारतीय शाखा के साथ मिलकर KIGI अकादमी भी शुरू की है। इसमें इंजीनियरिंग छात्रों को पूरी तरह फंडिड छह महीने की ट्रेनिंग मिलेगी। चार महीने IIT मद्रास में प्रैक्टिकल ट्रेनिंग और दो महीने बेंगलुरु स्थित KRAFTON इंडिया मुख्यालय में पेड इंडस्ट्री एक्सपीरियंस दिया जाएगा। छात्रों को कोडिंग, गेम डिजाइन, UI/UX, आर्ट और प्रोडक्ट डेवलपमेंट की ट्रेनिंग प्रोजेक्ट्स के जरिए दी जाएगी। अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्रों को फुलटाइम नौकरी के लिए भी विचार किया जा सकता है।