KNEWS DESK- सर्दियों के मौसम में मेथी के परांठे नाश्ते के लिए पसंदीदा विकल्पों में से एक होते हैं। आमतौर पर मेथी को आटे में मिलाकर परांठे तैयार किए जाते हैं, लेकिन अगर आप कुछ अलग और स्वादिष्ट ट्राई करना चाहते हैं तो मेथी-बेसन का भरवां परांठा बना सकते हैं। इसमें मेथी और मसालेदार बेसन की फिलिंग तैयार करके उसे आटे की लोई में भरा जाता है। यह परांठा स्वाद में बेहद लाजवाब लगता है और इसे दही, अचार या चाय के साथ परोसा जा सकता है।
मेथी-बेसन भरवां परांठा बनाने के लिए सामग्री
इस परांठे की फिलिंग तैयार करने के लिए आधा कप बेसन, एक चौथाई चम्मच हींग, आधा चम्मच अजवाइन, एक चम्मच जीरा, एक चम्मच लाल मिर्च पाउडर, एक चम्मच धनिया पाउडर, एक चम्मच गरम मसाला और स्वादानुसार नमक की जरूरत होगी। इसके अलावा जरूरत के अनुसार तेल, दो कप आटा और कटी हुई मेथी ले लें।
कैसे तैयार करें मेथी-बेसन की फिलिंग
सबसे पहले कड़ाही में थोड़ा तेल गर्म करें। इसमें जीरा, अजवाइन और हींग डालकर तड़का लगाएं। गैस की आंच धीमी रखें। अब इसमें बेसन डालकर लगातार चलाते हुए धीमी आंच पर भूनें। जब बेसन हल्का भुन जाए और उसका रंग बदलने लगे तो इसमें लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर, गरम मसाला और स्वादानुसार नमक डाल दें। इसके बाद इसमें कटी हुई मेथी डालकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिला लें। मेथी के पकने के बाद उसकी पत्तियां बेसन के साथ अच्छी तरह मिल जाएंगी। अब गैस बंद कर दें और तैयार मिश्रण को कुछ देर ठंडा होने दें।
परांठे का आटा कैसे गूंथें
अब परांठे के लिए दो कप आटा लें और उसमें थोड़ा नमक मिलाएं। इसमें धीरे-धीरे पानी डालते हुए नरम आटा गूंथ लें। आटा तैयार होने के बाद उसके ऊपर थोड़ा तेल लगाएं और इसे ढककर कुछ देर के लिए रख दें।
इस तरह भरें मेथी-बेसन की फिलिंग
अब आटे की लोई तैयार करें और उसे थोड़ा बेल लें। इसके बीच में तैयार मेथी-बेसन की फिलिंग रखें और लोई को चारों तरफ से बंद कर दें। इसके बाद इसे धीरे-धीरे बेलकर परांठे का आकार दें। ध्यान रखें कि फिलिंग बाहर न निकले।
अब तवा गर्म करें और उस पर परांठा डालें। दोनों तरफ से तेल लगाकर परांठे को अच्छी तरह सेंक लें। जब परांठा दोनों तरफ से सुनहरा और अच्छी तरह सिक जाए तो इसे तवे से उतार लें।
गरमा-गरम मेथी-बेसन भरवां परांठे को दही, अचार या एक कप चाय के साथ परोसा जा सकता है। सर्दियों के मौसम में यह नाश्ते के लिए एक स्वादिष्ट विकल्प बन सकता है और घर के बड़े-बच्चे इसे पसंद कर सकते हैं।