यूपी के 80 सांसदों से योगी की अपील, ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ के लिए परिसीमन बिल का करें समर्थन

Knews Desk– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने केंद्रीय कैबिनेट द्वारा परिसीमन विधेयक को मंजूरी दिए जाने का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रिमंडल का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह फैसला नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का रास्ता साफ करेगा और संसद व विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की व्यवस्था प्रभावी हो सकेगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पहले ही संसद से पारित हो चुका है। अब परिसीमन विधेयक को कैबिनेट की मंजूरी मिलने से संसद और विधानसभाओं में सीटों की संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि का रास्ता साफ होगा।

योगी ने कहा कि इसकी महत्वपूर्ण विशेषता यह है कि 2011 की जनगणना को आधार बनाकर राज्यों की मौजूदा लोकसभा सीटों का अनुपात यथावत रखा जाएगा और उसी अनुपात में सीटों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इससे किसी भी राज्य की हिस्सेदारी प्रभावित होने की आशंका नहीं रहेगी।

उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण को प्रारंभिक तौर पर 15 वर्षों के लिए लागू करने और रोटेशन की प्रक्रिया निर्वाचन आयोग के माध्यम से आगे बढ़ाई जाएगी। भारत की आधी आबादी को संसद और विधानसभाओं में कम से कम 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व देने की यह ऐतिहासिक और स्वागत योग्य पहल है।

मुख्यमंत्री ने उत्तर प्रदेश के सभी 80 लोकसभा सांसदों से परिसीमन विधेयक का समर्थन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सांसद नारी शक्ति वंदन अधिनियम को 2029 के लोकसभा चुनाव में लागू करने का मार्ग प्रशस्त करने में अपना योगदान दें। योगी ने कहा कि नारी शक्ति का सशक्तीकरण समृद्ध भारत के निर्माण का आधार है और यह आत्मनिर्भर भारत तथा विकसित भारत के संकल्प को मजबूती देने का सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से इस महत्वपूर्ण पहल में अपना समर्थन और सहयोग देने की अपील की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *