मैगी बनाने वाली नेस्ले इंडिया को EPFO का ₹36.36 लाख का नोटिस, 2012-2019 से जुड़ा मामला

KNEWS DESK- मैगी और नेस्कैफे जैसे लोकप्रिय ब्रांड बनाने वाली नेस्ले इंडिया को कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) की ओर से 36.36 लाख रुपये का डिमांड नोटिस मिला है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी जानकारी में बताया कि यह नोटिस 2012 से 2019 की अवधि से संबंधित है। इसमें हर्जाने और जुर्माने के रूप में 20.09 लाख रुपये की राशि भी शामिल है।

EPFO ने क्यों जारी किया नोटिस

नेस्ले इंडिया के मुताबिक, EPFO के मैसूरु क्षेत्रीय कार्यालय ने कर्मचारी भविष्य निधि एवं विविध प्रावधान अधिनियम, 1952 की धारा 7क्यू और 14बी के तहत यह नोटिस जारी किया है। कंपनी को कुल 36,36,548 रुपये की मांग का नोटिस 26 नवंबर 2026 को मिला। इसमें भविष्य निधि कोड के तहत 2012 से 2019 की अवधि के लिए हर्जाने और जुर्माने के तौर पर 20,09,516 रुपये शामिल हैं।

कंपनी ने कहा है कि इस नोटिस का उसके वित्तीय प्रदर्शन, कारोबार या अन्य गतिविधियों पर कोई महत्वपूर्ण प्रभाव नहीं पड़ेगा।

धारा 7क्यू और 14बी का क्या है मतलब

EPF एक्ट की धारा 7क्यू के तहत नियोक्ता को अधिनियम के अंतर्गत देय राशि पर ब्याज देना होता है। वहीं, धारा 14बी के तहत भविष्य निधि अंशदान या अन्य वैधानिक बकाया जमा करने में चूक होने पर हर्जाना वसूला जा सकता है।

नेस्ले इंडिया देश की प्रमुख खाद्य और पेय पदार्थ कंपनियों में शामिल है। कंपनी के प्रमुख ब्रांड्स में मैगी, नेस्कैफे, किटकैट, मिल्कमेड और एवरीडे शामिल हैं।

FSSAI नोटिस को कंपनी ने बताया था गलत

इससे पहले नेस्ले इंडिया से जुड़े बेबी फॉर्मूला प्रोडक्ट्स के कथित नियम उल्लंघन को लेकर FSSAI के नोटिस की खबर सामने आई थी। कंपनी ने मीडिया रिपोर्ट को तथ्यात्मक रूप से गलत बताते हुए खारिज किया था।

18 सितंबर 2026 को स्टॉक एक्सचेंज को दिए स्पष्टीकरण में कंपनी ने कहा था कि उसके ‘NAN Excella Pro’ और ‘Lactogen Pro’ समेत उत्पाद सभी लागू नियमों का पालन करते हैं। कंपनी के मुताबिक, इन उत्पादों और उनके लेबल को FSSAI की विशेषज्ञ समिति से मंजूरी मिली है।

कंपनी ने यह भी कहा था कि लेबल पर दिए गए दावे तथ्यों और वैज्ञानिक दस्तावेजों पर आधारित हैं तथा वह लेबलिंग और घोषणा से जुड़े सभी नियमों का पालन कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *