KNEWS DESK- केजीएमयू में रैगिंग की शिकायत के बाद प्रशासन ने जांच कराकर बड़ी कार्रवाई की है। एंटी रैगिंग कमेटी की सिफारिश पर एमबीबीएस के 38 छात्रों को तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है। इनमें 2025 बैच के 36 छात्र और 2026 बैच के दो छात्र शामिल हैं। आरोपी छात्रों पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और एक साल तक उनकी छात्रवृत्ति भी रोक दी गई है।
वायरल वीडियो के बाद हुई कार्रवाई
यह कार्रवाई 16 नवंबर को केजीएमयू में वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर की गई। वीडियो में प्रथम वर्ष के एमबीबीएस छात्र-छात्राएं कतार में खड़े दिखाई दे रहे थे। उनकी गर्दन झुकी हुई थी और सीनियर छात्रों के सामने से गुजरने पर वे तेज आवाज में ‘प्रणाम महोदय जी’ और ‘प्रणाम मैडम जी’ कह रहे थे।
वीडियो में कई सुरक्षाकर्मी भी आसपास मौजूद नजर आए। कुछ सुरक्षाकर्मी मोबाइल से वीडियो बनाते हुए दिखाई दिए। वहीं, कतार के पास से गुजर रहे सीनियर छात्र जूनियरों को डांटते और हिदायत देते नजर आए। जूनियर छात्र-छात्राएं सिर झुकाकर खड़े रहे और उनके चेहरों पर घबराहट दिखाई दे रही थी।
2026 बैच के दो छात्र भी दोषी
जांच में 2025 बैच के 36 छात्रों के अलावा 2026 बैच के दो छात्रों को भी दोषी पाया गया। रिपोर्ट के मुताबिक, ये दोनों छात्र सीनियर छात्रों की रैगिंग में मदद करते थे। एंटी रैगिंग कमेटी ने इन्हें भी मामले में दोषी माना।
सभी 38 छात्रों को तीन महीने के लिए क्लास और हॉस्टल से बाहर किया गया है। इसके साथ ही प्रत्येक आरोपी छात्र पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है और एक साल तक छात्रवृत्ति रोकने का फैसला किया गया है।
केजीएमयू प्रशासन ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी
केजीएमयू प्रवक्ता डॉ. केके सिंह ने कहा कि जूनियर छात्रों को डराने या अपमानित करने वाली किसी भी घटना पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। विश्वविद्यालय ने छात्रों से अपील की है कि अगर उन्हें रैगिंग से जुड़ी कोई जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना तुरंत एंटी रैगिंग कमेटी या विश्वविद्यालय प्रशासन को दें।
एनेस्थीसियोलॉजी विभाग को मिला अवॉर्ड
इसी बीच केजीएमयू के एनेस्थीसियोलॉजी विभाग ने केरल के कोवलम में आयोजित इंडियन सोसाइटी ऑफ एनेस्थीसियोलॉजिस्ट्स के 73वें राष्ट्रीय सम्मेलन में सिमुलेशन प्रतियोगिता का बेस्ट क्रिटिकल केस अवॉर्ड जीता है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में देशभर से 42 टीमों ने हिस्सा लिया था, जिनमें से प्रदर्शन के आधार पर 10 टीमों का चयन हुआ। केजीएमयू की टीम ने गंभीर मरीजों से जुड़ी आपातकालीन परिस्थितियों का सिमुलेशन कर मरीज की स्थिति समझने, समय पर निर्णय लेने, आपात स्थिति संभालने और टीमवर्क का प्रदर्शन किया।