KNEWS DESK– सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद तमिलनाडु के तिरुप्परनकुंड्रम में शनिवार को सुरक्षा और निगरानी के लिए केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की एक कंपनी तैनात की गई। सुप्रीम कोर्ट ने 28 नवंबर को मदुरै की तिरुप्परनकुंड्रम पहाड़ी की चोटी पर स्थित दीपथून स्तंभ पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने का निर्देश दिया था।
यह तैनाती उस विवाद के बीच की गई है, जो अदालत के पिछले आदेश के बावजूद दीपथून पर पारंपरिक दीप नहीं जलाए जाने को लेकर सामने आया था। एक वरिष्ठ CRPF अधिकारी ने बताया कि इलाके में बल की एक कंपनी तैनात कर दी गई है और उच्च अधिकारियों के अगले निर्देशों का इंतजार किया जा रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने श्रद्धालुओं को भी समारोह में शामिल होने की अनुमति दी है। अदालत ने शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के लिए CRPF की तैनाती का निर्देश दिया था। सुप्रीम कोर्ट की पीठ ने 24 नवंबर को सख्त शर्तों के साथ केवल एक बार दीप जलाने की अनुमति दी थी।
अदालत ने कहा कि उसके निर्देश और मदुरै के जिला कलेक्टर द्वारा आदेश का पालन सुनिश्चित करने के आश्वासन के बावजूद 24 नवंबर को पारंपरिक दीप नहीं जलाया गया। पीठ ने इसे पिछले आदेश की जानबूझकर अवहेलना बताया।
इससे पहले 20 नवंबर को तमिलनाडु सरकार ने सुप्रीम कोर्ट के अंतरिम आदेश को चुनौती देते हुए पुनर्विचार याचिका दायर की थी। अदालत ने यह भी स्पष्ट किया था कि दीप जलाने की अनुमति को कानूनी मिसाल नहीं माना जाएगा और इससे संपत्ति के मालिकाना हक या पारंपरिक अधिकारों से जुड़े व्यापक दावों का निपटारा नहीं होगा।