UPPCS 2025: इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, UPPCS प्रीलिम्स का रिजल्ट रद्द

KNEWS DESK- UPPCS 2025 भर्ती में शामिल अभ्यर्थियों के लिए बड़ा अपडेट सामने आया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) की ओर से जारी UPPCS 2025 प्रीलिम्स रिजल्ट को रद्द कर दिया है। कोर्ट के निर्देश के बाद अब आयोग को आरक्षण और मेरिट के आधार पर संशोधित मेरिट तैयार कर नया परिणाम जारी करना होगा। इसके बाद नई मेरिट के आधार पर मेन्स और इंटरव्यू भी दोबारा आयोजित किए जाएंगे।

UPPCS 2025 भर्ती के लिए कुल 814 पदों पर आवेदन मांगे गए थे। फरवरी से अप्रैल 2025 के बीच आवेदन प्रक्रिया हुई थी और कुल 6,26,387 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। अक्टूबर 2025 में आयोजित प्रीलिम्स परीक्षा में 2,65,270 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग ने 1 दिसंबर को इसका परिणाम जारी किया था, जिसमें 11,727 अभ्यर्थी सफल हुए थे।

प्रीलिम्स में सफल अभ्यर्थियों के लिए 29 मार्च से 1 अप्रैल 2026 तक मेन्स परीक्षा आयोजित की गई। इसमें 10,284 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। मेन्स के बाद 2,297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए सफल घोषित किया गया था।

मामला आरक्षण और ओपन कैटेगरी की मेरिट से जुड़ा है। आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक होने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी की मेरिट में शामिल होने का लाभ नहीं दिया गया। याचिकाकर्ताओं का कहना था कि ओपन कैटेगरी किसी एक वर्ग के लिए आरक्षित नहीं है और मेरिट के आधार पर सभी वर्गों के अभ्यर्थियों को इसमें जगह मिलनी चाहिए।

इलाहाबाद हाईकोर्ट ने कहा कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक सामान्य वर्ग की मेरिट में जगह बनाने वाले अंक से अधिक हैं, उन्हें ओपन मेरिट में स्थान दिया जाए। कोर्ट ने आयोग से श्रेणीवार चयनित अभ्यर्थियों के अंकों का विवरण भी मांगा है। जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने यह आदेश आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों की याचिका पर सुनाया।

अब आयोग को पहले से आयोजित प्रीलिम्स परीक्षा के अंकों के आधार पर संशोधित परिणाम जारी करना होगा। अभ्यर्थियों के अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला के मुताबिक प्रीलिम्स परीक्षा दोबारा नहीं होगी। संशोधित मेरिट के आधार पर मेन्स और इसके बाद इंटरव्यू दोबारा आयोजित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *