Knews Desk– ठंड का मौसम शुरू होते ही सिर्फ इंसानों को ही नहीं, स्मार्टफोन को भी कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। सर्दियों में खासतौर पर फोन की बैटरी तेजी से खत्म होने लगती है। घर के अंदर फोन सामान्य तरीके से चलता है, लेकिन बाहर निकलते ही बैटरी तेजी से गिरने लगती है। कई बार फोन में कुछ प्रतिशत बैटरी बची होने के बावजूद वह अचानक बंद हो जाता है। खासकर पहाड़ी इलाकों में ज्यादा देर तक ठंड में रहने के दौरान यह समस्या और बढ़ सकती है। हालांकि, कुछ आसान उपाय अपनाकर ठंड में फोन की बैटरी को जल्दी खत्म होने से बचाया जा सकता है।
ठंड में क्यों जल्दी खत्म होती है फोन की बैटरी?
आजकल ज्यादातर स्मार्टफोन में लिथियम आयन बैटरी का इस्तेमाल होता है। तापमान कम होने पर बैटरी के अंदर होने वाली केमिकल प्रक्रिया धीमी हो जाती है। इसके कारण बैटरी की क्षमता प्रभावित होती है और फोन को जरूरत के मुताबिक पावर नहीं मिल पाती। ऐसे में कैमरा चलाने, मैप देखने या स्क्रीन की ब्राइटनेस बढ़ाने जैसे कामों के दौरान फोन अचानक बंद हो सकता है।
कई बार ठंडे फोन को गर्म जगह पर लाने के बाद वह दोबारा ऑन हो जाता है। हालांकि, अगर फोन बहुत ठंडा हो गया है तो उसे तुरंत चार्ज करना सही नहीं माना जाता। पहले फोन को सामान्य तापमान पर आने देना बेहतर होता है।
1. फोन को जैकेट की अंदर वाली जेब में रखें
ठंड के दिनों में फोन को ज्यादा देर तक खुले में रखने से बचें। इसे जैकेट की अंदर वाली जेब में रखना बेहतर है। शरीर की गर्मी से फोन का तापमान सामान्य बना रह सकता है और बैटरी पर ठंड का असर कम हो सकता है।
अगर आप बाइक या स्कूटर चला रहे हैं और फोन को हैंडल पर लगा रहे हैं, तो काम पूरा होने के बाद उसे तुरंत जेब में रख लें।
2. बाहर निकलने से पहले बैटरी सेवर ऑन करें
अगर आपको लंबे समय तक बाहर रहना है तो घर से निकलने से पहले फोन में बैटरी सेवर मोड ऑन कर दें। इससे बैकग्राउंड में चलने वाली गतिविधियां कम हो जाती हैं और बैटरी की खपत घटती है।
इसके अलावा स्क्रीन की ब्राइटनेस कम रखने और स्क्रीन टाइमआउट को कम समय पर सेट करने से भी बैटरी बचाने में मदद मिल सकती है।
3. मैप और टिकट पहले से डाउनलोड कर लें
अगर आप ठंड के मौसम में घूमने या किसी पहाड़ी इलाके में जाने की योजना बना रहे हैं तो जरूरी मैप पहले से डाउनलोड कर लें। ट्रेन और बस के टिकट भी फोन में सेव करके रखें।
इससे यात्रा के दौरान बार-बार इंटरनेट या मोबाइल डेटा का इस्तेमाल करने की जरूरत कम होगी और फोन की बैटरी की बचत की जा सकेगी।
4. कैमरा और स्क्रीन का इस्तेमाल कम करें
लगातार फोटो क्लिक करना, वीडियो रिकॉर्ड करना और फुल ब्राइटनेस पर स्क्रीन चलाना बैटरी की खपत बढ़ा सकता है। इसलिए जरूरत के हिसाब से ही कैमरे का इस्तेमाल करें।
काम पूरा होने के बाद स्क्रीन को लॉक कर दें और अनावश्यक रूप से फोन की स्क्रीन ऑन न रखें।
5. घर से निकलने से पहले फोन चार्ज करें
अगर आपको पूरे दिन बाहर रहना है तो घर से निकलने से पहले फोन को पर्याप्त चार्ज कर लें। खासकर पुराने फोन में बैटरी की क्षमता कम हो सकती है और ठंड के दौरान ऐसी बैटरी तेजी से डाउन हो सकती है।
इसलिए लंबी यात्रा पर निकलने से पहले फोन की बैटरी को पर्याप्त चार्ज रखना फायदेमंद रहेगा।
6. ठंडे फोन को तुरंत चार्ज न करें
अगर फोन बहुत ज्यादा ठंडा हो गया है तो उसे तुरंत चार्जिंग पर न लगाएं। पहले फोन को कमरे के सामान्य तापमान पर आने दें और इसके बाद ही चार्ज करें।
फोन को जल्दी गर्म करने के लिए हीटर या गर्म हवा का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। अचानक तापमान बढ़ने से फोन और बैटरी को नुकसान पहुंचने का खतरा हो सकता है।
7. साथ रखें चार्ज पावर बैंक
अगर आप लंबी यात्रा पर जा रहे हैं या किसी पहाड़ी इलाके में रहने वाले हैं तो अपने साथ एक चार्ज पावर बैंक रखना उपयोगी हो सकता है। जरूरत पड़ने पर इससे फोन को चार्ज किया जा सकता है।
इस तरह थोड़ी सावधानी और कुछ आसान उपाय अपनाकर सर्दियों में फोन की बैटरी को जल्दी खत्म होने से बचाया जा सकता है और बिना बार-बार चार्ज किए फोन को लंबे समय तक इस्तेमाल किया जा सकता है।