KNEWS DESK- अमेरिका में थैंक्सगिविंग के दौरान आए तूफान ने लोगों की छुट्टियों का मजा किरकिरा कर दिया। तेज हवाओं, भारी बारिश और बाढ़ के कारण कई इलाकों में जनजीवन प्रभावित हुआ। पेड़ गिरने से घरों और बिजली की लाइनों को नुकसान पहुंचा। खराब मौसम का असर हवाई यात्रा पर भी पड़ा। करीब 400 उड़ानें रद्द कर दी गईं, जबकि 2 हजार से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से चलीं। तूफान का सबसे ज्यादा असर अमेरिका के पूर्वी हिस्से में देखने को मिला।
मैसीज थैंक्सगिविंग परेड भी टली
न्यूयॉर्क की मशहूर मैसीज थैंक्सगिविंग परेड को तेज हवाओं के खतरे के कारण शनिवार तक टाल दिया गया। इस परेड में बड़े-बड़े गुब्बारे आकर्षण का केंद्र होते हैं। बताया गया कि 100 साल में पहली बार मैसीज परेड को टाला गया है। इससे पहले दूसरे विश्व युद्ध के दौरान तीन साल तक परेड नहीं हुई थी। आयोजकों ने कहा कि कलाकारों और दर्शकों की सुरक्षा सबसे जरूरी है।
9 लाख से ज्यादा घरों की बिजली गुल
तूफान के कारण अमेरिका के पूर्वी तट के कई इलाकों में बाढ़ की स्थिति बन गई। पेंसिल्वेनिया, मैरीलैंड और वर्जीनिया में बिजली कटौती का सबसे ज्यादा असर हुआ। PowerOutage के मुताबिक, 9 लाख से ज्यादा घरों और कारोबारों की बिजली गुल हो गई। तेज हवाओं के कारण कई बड़े पुल भी बंद कर दिए गए। मैरीलैंड में अधिकारियों ने पानी की सप्लाई प्रभावित होने की आशंका जताते हुए करीब 20 लाख लोगों से नल के पानी का इस्तेमाल कम करने की अपील की।
लोगों से सावधानी बरतने की अपील
न्यू जर्सी की गवर्नर मिकी शेरिल ने खराब मौसम को देखते हुए इमरजेंसी घोषित कर दी। उन्होंने लोगों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण चार्ज रखने और टूटे बिजली के तारों से दूर रहने की अपील की। कैलिफोर्निया में भी मौसम खराब रहा। ऊंची समुद्री लहरों के चलते कुछ इलाकों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया, जबकि सैन फ्रांसिस्को में भारी बारिश हुई।