बिना SIM बदले विदेश में चलाएं इंटरनेट, WhatsApp ला रहा नया eSIM फीचर

knews Desk– विदेश यात्रा के दौरान इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए अब तक लोगों को लोकल SIM खरीदनी पड़ती है या फिर महंगे इंटरनेशनल रोमिंग पैक लेने पड़ते हैं। लेकिन अब WhatsApp इस परेशानी को दूर करने के लिए एक नए फीचर पर काम कर रहा है। इस फीचर के जरिए यूजर्स WhatsApp के अंदर ही विदेश यात्रा के लिए eSIM डेटा प्लान खरीद सकेंगे।

WhatsApp पर मिलेगा eSIM डेटा प्लान खरीदने का ऑप्शन

दुनियाभर में इस्तेमाल किए जाने वाले मैसेजिंग ऐप WhatsApp पर जल्द ही एक ऐसा फीचर मिल सकता है, जो विदेश यात्रा करने वाले यूजर्स के लिए काफी काम का साबित होगा। अभी दूसरे देश में जाने के बाद इंटरनेट इस्तेमाल करने के लिए या तो लोकल SIM खरीदनी पड़ती है या फिर महंगे इंटरनेशनल रोमिंग पैक का रिचार्ज करना होता है। आने वाले समय में WhatsApp इसी समस्या का समाधान कर सकता है।

मेटा के इस मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर एक ऐसा फीचर तैयार किया जा रहा है, जिसकी मदद से यूजर्स ऐप के अंदर ही विदेश के लिए eSIM डेटा प्लान खरीद सकेंगे।

WABetaInfo की रिपोर्ट के अनुसार, WhatsApp 1Global के साथ पार्टनरशिप में इस फीचर को तैयार कर रहा है। इसकी झलक WhatsApp के Android बीटा वर्जन 2.26.47.4 में देखने को मिली है। यह वर्जन Google Play Store पर मौजूद है।

WhatsApp पर कैसे काम करेगा नया eSIM फीचर?

इस नए फीचर के आने के बाद विदेश जाने वाले यूजर्स अपनी जरूरत के हिसाब से इंटरनेट डेटा प्लान खोज सकेंगे। माना जा रहा है कि WhatsApp पर फिक्स्ड डेटा और अनलिमिटेड डेटा दोनों तरह के प्लान उपलब्ध हो सकते हैं।

अगर किसी यूजर को कम इंटरनेट की जरूरत है तो वह लिमिटेड डेटा वाला प्लान चुन सकेगा। वहीं ज्यादा इंटरनेट इस्तेमाल करने वाले यूजर्स अनलिमिटेड डेटा प्लान का विकल्प चुन सकेंगे।

यूजर्स देश का नाम सर्च करके या लोकप्रिय ट्रैवल डेस्टिनेशन और अलग-अलग क्षेत्रों के हिसाब से भी डेटा प्लान चुन पाएंगे। इसके अलावा ग्लोबल डेटा प्लान का विकल्प भी मिलने की संभावना है। प्लान खरीदने के बाद WhatsApp समर्थित फोन में eSIM इंस्टॉल करने की सुविधा दे सकता है।

पुरानी SIM निकालने की नहीं होगी जरूरत

इस फीचर की एक खास बात यह होगी कि यूजर को अपने फोन की मौजूदा SIM निकालने की जरूरत नहीं पड़ेगी। ट्रैवल eSIM अलग से काम करेगी और फोन में पहले से मौजूद SIM भी एक्टिव रह सकेगी।

ऐसे में यूजर अपने पुराने मोबाइल नंबर पर कॉल और मैसेज रिसीव कर सकेंगे। जैसे ही फोन विदेश में किसी नेटवर्क से कनेक्ट होगा, खरीदा गया डेटा प्लान अपने आप एक्टिव हो जाएगा। WhatsApp इसके बारे में यूजर को नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी भी दे सकता है।

कब लॉन्च होगा WhatsApp का eSIM फीचर?

WhatsApp का यह नया फीचर कब से रोलआउट किया जाएगा, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। फिलहाल यह फीचर शुरुआती दौर में है और इस पर काम जारी है। अभी बीटा यूजर्स भी इसका इस्तेमाल नहीं कर सकते हैं। लॉन्च के बाद यह फीचर विदेश यात्रा करने वाले यूजर्स के लिए लोकल SIM और महंगे रोमिंग पैक का एक आसान विकल्प बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *