KNEWS DESK – उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पार्टी का घोषणापत्र जारी कर दिया है। ‘सत्ताइस का संकल्प : PDA का प्रण पत्र’ नाम से जारी इस घोषणापत्र में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान और सरकारी कर्मचारियों से जुड़े कई वादे किए गए हैं। सपा ने PDA, महिलाओं और गरीबों के लिए समाजवादी कैंटीन खोलकर 5 रुपये में थाली देने, 2005 से पहले लागू पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर शुरू करने और यश भारती सम्मान को बढ़ी हुई राशि के साथ दोबारा शुरू करने का वादा किया है।
सपा ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 2 से 3 करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार देने का वादा किया है। इसके अलावा हर ग्रेजुएट को नौकरी या रोजगार मिलने तक 5 हजार रुपये महीने का पोषण भत्ता देने की बात कही गई है। पुरानी पेंशन की बहाली, मुफ्त इलाज, किसानों को समय पर भुगतान और बंद स्कूलों को दोबारा शुरू करने जैसे वादे भी घोषणापत्र में शामिल हैं।
1. पांच साल में 25 लाख सरकारी नौकरियां
सपा ने पांच साल में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का वादा किया है। इसके अलावा 2 से 3 करोड़ युवाओं को दूसरे क्षेत्रों में रोजगार उपलब्ध कराने की बात कही गई है। हर ग्रेजुएट को नौकरी या रोजगार मिलने तक 5 हजार रुपये महीने का पोषण भत्ता देने का भी वादा है।
2. सरकारी भर्ती में पेपर लीक पर लगाम
पार्टी ने सभी सरकारी खाली पदों को समय से भरने और भर्ती का सालाना कैलेंडर जारी करने की बात कही है। जिन भर्तियों में एक परीक्षा होगी, उनकी प्रक्रिया तीन महीने और एक से ज्यादा परीक्षा वाली भर्तियों की प्रक्रिया छह महीने में पूरी करने का वादा है। पेपर लीक होने पर संबंधित अधिकारियों और मंत्रियों की व्यक्तिगत जवाबदेही तय करने की बात भी कही गई है।
3. पुरानी पेंशन योजना की बहाली
सपा ने 2005 से पहले लागू पुरानी पेंशन व्यवस्था को फिर से शुरू करने का वादा किया है। इसके साथ ही आउटसोर्सिंग व्यवस्था खत्म करने और आशा, आंगनबाड़ी, सहायिका, नर्सिंग स्टाफ, संविदा और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों समेत दूसरे कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन और सामाजिक सुरक्षा देने की बात कही गई है।
4. जरूरतमंदों को मुफ्त इलाज
प्रण पत्र में सरकारी अस्पतालों में PDA और गरीब नागरिकों को मुफ्त इलाज देने का वादा किया गया है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले लोगों को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस देने की बात भी कही गई है। सभी जिला अस्पतालों को अपग्रेड करने और 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाने का प्रस्ताव है।
5. गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बंद स्कूलों की वापसी
सपा ने सभी को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का समान अवसर देने की बात कही है। PDA और गरीब छात्रों के लिए विशेष राज्य शिक्षा नीति लाई जाएगी। बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक स्कूलों को दोबारा शुरू करने और 12वीं पास छात्रों को लैपटॉप देने की योजना फिर लागू करने का भी वादा है। हालांकि, सभी के लिए पूरी शिक्षा मुफ्त करने की स्पष्ट घोषणा नहीं की गई है।
6. किसानों को MSP की कानूनी गारंटी
पार्टी ने उत्तर प्रदेश की 23 फसलों और दूध के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य यानी MSP की कानूनी गारंटी देने का वादा किया है। गन्ना किसानों का भुगतान 24 घंटे में सुनिश्चित करने के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने की बात कही गई है। किसानों की कर्जमाफी और सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली देने का भी वादा है।
7. AI और स्टार्टअप को बढ़ावा
सपा ने उत्तर प्रदेश के प्रमुख शहरों को AI और IT हब के रूप में विकसित करने की बात कही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, उद्योग और शासन में AI का इस्तेमाल बढ़ाया जाएगा। AI के कारण जिन लोगों की नौकरी चली गई है या जाने की आशंका है, उनके कौशल विकास की व्यवस्था की जाएगी। स्टार्टअप को बढ़ावा देने के लिए विशेष योजना लाने का भी वादा है।
8. महिला सुरक्षा और कर्मचारियों को सम्मानजनक वेतन
पार्टी ने महिला सुरक्षा के लिए 1090 और डायल-112 की व्यवस्था को मजबूत करने का वादा किया है। महिलाओं के खिलाफ अपराध रोकने के लिए विशेष महिला पुलिस ढांचा बनाने की बात कही गई है।
9. प्रदूषण से निपटने के लिए विशेष योजना
सपा ने शहरों को वायु प्रदूषण से मुक्त करने के लिए विशेष योजना बनाने और उसे प्रभावी तरीके से लागू करने का वादा किया है। इसके अलावा नदियों की सफाई, साइकिल हाईवे नेटवर्क और इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने की बात भी कही गई है।
10. यश भारती सम्मान की वापसी
सपा ने यश भारती सम्मान को अधिक सम्मान राशि के साथ दोबारा शुरू करने का वादा किया है। इसके तहत कला, साहित्य, खेल, विज्ञान, पत्रकारिता, चिकित्सा और सामाजिक क्षेत्र समेत अलग-अलग क्षेत्रों में योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित करने की बात कही गई है। हालांकि, सम्मान राशि कितनी होगी, इसका आंकड़ा प्रण पत्र में नहीं दिया गया है।