KNEWS DESK – बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह की बेटी शिवांगी और ऋषिकेश की शादी संपन्न हो गई है। अनंत सिंह के गांव नदवां में हुई इस शाही शादी में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। दूल्हा ऋषिकेश 151 गाड़ियों के काफिले के साथ शादी समारोह में पहुंचे। शादी में हेलीकॉप्टर से मेहमान पहुंचे, जबकि भोजपुरी सिंगर-एक्टर पवन सिंह की परफॉर्मेंस भी हुई। इस शादी समारोह के दौरान अनंत सिंह का शक्ति प्रदर्शन भी देखने को मिला।
बुधवार को शिवांगी ने ऋषिकेश को जयमाला पहनाई, जिसके बाद दोनों एक-दूसरे के हो गए। शादी को देखने के लिए बिहार के बाहर से भी बड़ी संख्या में लोग अनंत सिंह के गांव पहुंचे। भारी भीड़ के कारण गांव में करीब 10 किलोमीटर लंबा जाम लग गया। इस दौरान मोबाइल नेटवर्क भी प्रभावित हुआ। खाने की जगह पर भी भारी भीड़ उमड़ी और लोगों को भोजन के लिए लंबी कतारों में लगना पड़ा। कई लोग पंडाल के पीछे से खाने की जगह पहुंचने की कोशिश करते नजर आए। एक समय प्लेटों को लेकर भी अफरा-तफरी की स्थिति देखने को मिली।
शिवांगी की शादी पटना से सटे बिहटा के रहने वाले ऋषिकेश से हुई है। शादी समारोह की भव्यता और भारी भीड़ के कारण यह शादी मोकामा से निकलकर पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है।
शादी समारोह के साथ ही अब सबसे ज्यादा चर्चा घुड़दौड़ प्रतियोगिता को लेकर है। बुधवार को घुड़दौड़ देखने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंचे थे। भीड़ इतनी बढ़ गई कि कई लोग 33 हजार वोल्ट के हाईटेंशन टावर पर चढ़ गए। सुरक्षा कारणों से घुड़दौड़ के फाइनल मुकाबले को रोकना पड़ा।
अब गुरुवार को घुड़दौड़ प्रतियोगिता का फाइनल राउंड होगा। प्रतियोगिता के विजेता को इनाम में थार गाड़ी दी जाएगी। बुधवार को रेस रुकने के बाद भीड़ एक साथ अनंत सिंह के घर की तरफ उमड़ पड़ी, जिससे भगदड़ जैसी स्थिति बन गई थी। स्थिति को संभालने में आयोजकों को काफी परेशानी हुई। अब सबकी नजर घुड़दौड़ के फाइनल मुकाबले और उसके विजेता को मिलने वाली थार पर है।