KNEWS DESK- दिल्ली में एकेडमिक सेशन 2027-28 के लिए नर्सरी से पहली क्लास तक एडमिशन का शेड्यूल जारी हो गया है। दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी एडमिशन के लिए 1 दिसंबर से आवेदन प्रक्रिया शुरू होगी। ऐसे में दिल्ली के साथ NCR के स्कूलों में एडमिशन की तैयारी कर रहे पैरेंट्स के बीच यह सवाल उठ रहा है कि क्या दिल्ली के नर्सरी एडमिशन नियम NCR के प्राइवेट स्कूलों में भी लागू होते हैं। दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी से पहली क्लास तक एडमिशन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। इन नियमों के तहत एडमिशन प्रक्रिया, क्राइटेरिया और मेरिट तैयार करने से जुड़े कई प्रावधान तय किए जाते हैं। हालांकि, दिल्ली के बाहर NCR के शहरों में स्थित प्राइवेट स्कूल इन नियमों के दायरे में नहीं आते हैं।
पहले समझें NCR क्या है
NCR यानी नेशनल कैपिटल रीजन में दिल्ली के साथ उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान के कई जिले शामिल हैं। इनमें नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मेरठ और अलवर जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इन क्षेत्रों में स्थित स्कूल दिल्ली से अलग प्रशासनिक और शिक्षा व्यवस्था के तहत आते हैं।
क्या हैं दिल्ली नर्सरी एडमिशन के नियम?
दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की ओर से दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में नर्सरी से पहली क्लास तक एडमिशन के लिए दिशा-निर्देश जारी किए जाते हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के निर्देशों के तहत शिक्षा निदेशालय की ओर से तय किए गए क्राइटेरिया के आधार पर एडमिशन प्रक्रिया संचालित की जाती है। दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन के लिए 100 नंबरों की मेरिट तैयार की जाती है। इसमें बच्चे के घर से स्कूल की दूरी, सिबलिंग, पैरेंट्स के एलुमनाई जैसे अलग-अलग क्राइटेरिया शामिल हो सकते हैं। इसके बाद तय प्रक्रिया के अनुसार एडमिशन के लिए कंप्यूटराइज्ड ड्रॉ कराया जाता है।
दिल्ली हाईकोर्ट की ओर से निर्धारित क्राइटेरिया में कई तरह के प्रावधानों पर रोक भी लगाई गई है। इनमें एडमिशन के लिए डोनेशन की मांग और बच्चों व पैरेंट्स के इंटरव्यू जैसे प्रावधान शामिल हैं। इसके अलावा दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों को आवेदन प्रक्रिया शुरू होने से पहले अपने एडमिशन क्राइटेरिया की जानकारी सार्वजनिक करनी होती है।
क्या NCR के प्राइवेट स्कूलों में भी लागू हैं दिल्ली के नियम?
दिल्ली के नर्सरी एडमिशन नियम दिल्ली के बाहर NCR में स्थित प्राइवेट स्कूलों पर लागू नहीं होते हैं। इसकी मुख्य वजह प्रशासनिक अधिकार क्षेत्र है। दिल्ली के प्राइवेट स्कूलों के लिए दिशा-निर्देश दिल्ली सरकार के शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी किए जाते हैं और ये नियम दिल्ली के स्कूलों के लिए निर्धारित हैं।
वहीं नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद या NCR के अन्य शहरों में स्थित प्राइवेट स्कूल संबंधित राज्य और स्थानीय शिक्षा व्यवस्था के तहत आते हैं। इसलिए दिल्ली शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी नर्सरी एडमिशन गाइडलाइंस इन स्कूलों पर सीधे लागू नहीं होती हैं।
NCR के प्राइवेट स्कूलों में एडमिशन के नियम क्या हैं?
दिल्ली को छोड़कर NCR के प्रमुख हिस्से उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान में आते हैं। इन राज्यों के अलग-अलग जिलों में स्कूलों के लिए संबंधित शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन की ओर से नियम लागू होते हैं। इसके अलावा कई प्राइवेट स्कूल अपनी निर्धारित एडमिशन प्रक्रिया और क्राइटेरिया के आधार पर नर्सरी में दाखिला देते हैं।
इसलिए अगर कोई पैरेंट दिल्ली के बजाय नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद या NCR के किसी अन्य शहर के प्राइवेट स्कूल में बच्चे का एडमिशन कराना चाहता है, तो उसे उस स्कूल और संबंधित राज्य या स्थानीय शिक्षा विभाग के नियमों को देखना होगा। दिल्ली में लागू नर्सरी एडमिशन क्राइटेरिया को NCR के हर प्राइवेट स्कूल पर लागू मानना सही नहीं होगा। ऐसे में पैरेंट्स को एडमिशन के लिए आवेदन करने से पहले संबंधित स्कूल की आधिकारिक वेबसाइट या स्कूल प्रशासन की ओर से जारी एडमिशन गाइडलाइंस जरूर देखनी चाहिए, ताकि जरूरी दस्तावेज, आयु सीमा, एडमिशन क्राइटेरिया और आवेदन की अंतिम तारीख की सही जानकारी मिल सके।