प्रोजेक्ट मैनेजमेंट में करियर बनाने वालों के लिए मौका, IIM मुंबई में आवेदन शुरू

Knews Desk– IIM मुंबई ने एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एंड एनालिटिक्स में एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट प्रोग्राम के चौथे बैच के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। सात महीने के इस प्रोग्राम की फीस 2.20 लाख रुपये है। कोर्स में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के साथ डेटा एनालिटिक्स और मैनेजमेंट से जुड़ी स्किल्स सिखाई जाएंगी।

7 महीने का होगा प्रोग्राम

IIM मुंबई का यह एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट प्रोग्राम प्रोजेक्ट मैनेजमेंट के क्षेत्र में काम कर रहे प्रोफेशनल्स की स्किल्स को बेहतर बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इस प्रोग्राम की अवधि सात महीने होगी और पढ़ाई ब्लेंडेड मोड में कराई जाएगी।

इसमें लाइव ऑनलाइन क्लास के साथ कैंपस में दो दिन का इंटेंसिव लर्निंग सेशन भी आयोजित किया जाएगा। यह कैंपस सेशन प्रोग्राम के आखिरी राउंड में होगा। प्रोग्राम की शुरुआत 20 दिसंबर 2026 से होगी। इसे जारो एजुकेशन के सहयोग से संचालित किया जाएगा।

कौन कर सकता है आवेदन?

इस प्रोग्राम में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से किसी भी विषय में ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। उम्मीदवार के लिए 10+2+3 पैटर्न के तहत पढ़ाई पूरी करना जरूरी है।

ग्रेजुएट उम्मीदवार के पास डिग्री पूरी करने के बाद कम से कम तीन साल का वर्क एक्सपीरियंस होना चाहिए। वहीं, डिप्लोमा होल्डर्स भी इस प्रोग्राम के लिए आवेदन कर सकते हैं, लेकिन उनके पास कम से कम पांच साल का कार्य अनुभव होना जरूरी है।

डिप्लोमा उम्मीदवारों के लिए 10+2+3 पैटर्न के तहत योग्यता और कम से कम 50 प्रतिशत अंक की शर्त लागू होगी।

कितनी है प्रोग्राम की फीस?

IIM मुंबई के इस प्रोग्राम की कुल फीस 2,20,000 रुपये है। इसके अलावा लागू GST भी देना होगा। आवेदन करने के लिए 1,000 रुपये की फीस निर्धारित की गई है, जिस पर GST अलग से देना होगा।

प्रोग्राम सफलतापूर्वक पूरा करने वाले उम्मीदवारों को एडवांस्ड प्रोजेक्ट मैनेजमेंट एंड एनालिटिक्स में एग्जीक्यूटिव सर्टिफिकेट प्रोग्राम का वैलिडेशन सर्टिफिकेट दिया जाएगा।

प्रोजेक्ट मैनेजमेंट प्रोफेशनल्स की बढ़ रही मांग

IIM मुंबई के मुताबिक, दुनियाभर में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से जुड़े प्रोफेशनल्स की मांग लगातार बढ़ रही है। प्रोजेक्ट मैनेजमेंट इंस्टीट्यूट (PMI) की रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक वैश्विक अर्थव्यवस्था को 2.5 करोड़ अतिरिक्त प्रोजेक्ट प्रोफेशनल्स की जरूरत हो सकती है। वहीं, 2027 तक दुनियाभर में प्रोजेक्ट मैनेजमेंट से संबंधित करीब 8.77 करोड़ पदों की जरूरत होने का अनुमान है।

संस्थान के अनुसार, कंपनियां भी प्रोजेक्ट प्लानिंग और कर्मचारियों की क्षमता बढ़ाने पर लगातार ध्यान दे रही हैं। क्विक्सी की रिपोर्ट में बताया गया है कि 46 प्रतिशत संगठन प्रोजेक्ट प्लानिंग को अपनी प्राथमिकता मानते हैं, जबकि 68 प्रतिशत संगठन बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रोजेक्ट मैनेजमेंट स्किल्स विकसित करने पर जोर दे रहे हैं।

ऐसे में IIM मुंबई का यह प्रोग्राम प्रोफेशनल्स को प्रोजेक्ट प्लानिंग, डेटा एनालिटिक्स और डेटा आधारित फैसले लेने की समझ विकसित करने में मदद कर सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *