‘कॉफी विद करण’ में अक्षय कुमार ने फ्री में किया काम, ट्विंकल खन्ना ने फोन पर लगा दी डांट

‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 के नए एपिसोड में अक्षय कुमार और रवि किशन साथ पहुंचे। शो के दौरान ट्विंकल खन्ना ने फोन पर अक्षय को जमकर डांटा और उनके फ्री में शो करने पर हैरानी भी जताई।

knews desk – करण जौहर का पॉपुलर टॉक शो ‘कॉफी विद करण’ अपने आखिरी पड़ाव पर पहुंच चुका है। शो का 9वां सीजन चल रहा है और इसके बाद यह आइकॉनिक चैट शो हमेशा के लिए बंद होने जा रहा है। ग्रैंड फिनाले सीजन को यादगार बनाने के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सुपरस्टार्स और सेलेब्स शो के काउच पर नजर आ चुके हैं। इसी बीच नया एपिसोड ऑन एयर हुआ, जिसमें बॉलीवुड के खिलाड़ी अक्षय कुमार और भोजपुरी सुपरस्टार रवि किशन एक साथ पहुंचे। दोनों की शानदार केमिस्ट्री ने एपिसोड में खूब मनोरंजन किया।

शो का सबसे मजेदार मोमेंट तब आया, जब अक्षय कुमार की पत्नी ट्विंकल खन्ना फोन पर जुड़ीं। एपिसोड के दौरान अक्षय ने ट्विंकल को फोन मिलाया और उन्हें स्पीकर पर रखा। इस दौरान ट्विंकल ने बताया कि करण जौहर ने उनसे इस एपिसोड में शामिल होने की बात की थी। इसी बीच जब उन्हें पता चला कि अक्षय कुमार ने ‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 का यह एपिसोड फ्री में किया है, तो वह हैरान रह गईं।

अक्षय ने फ्री में किया करण जौहर का शो

दरअसल, ट्विंकल ने अक्षय से पूछा कि वह कहां जा रहे हैं। अक्षय ने बताया कि वह ‘कॉफी विद करण’ के सेट पर जा रहे हैं। इस पर ट्विंकल ने कहा कि हाल ही में उनकी शो के होस्ट करण जौहर से बात हुई थी। करण ने उन्हें इस एपिसोड के ‘रैपिड-फायर’ राउंड को जज करने के लिए बुलाया था।

यह सुनकर ट्विंकल हैरान रह गईं। उन्होंने कहा, “लेकिन मुझे नहीं पता था कि आप आज ऐसा कर रहे हैं। ओह! आप यह बिल्कुल फ्री में कर रहे हैं? मैं तो हैरान हूं!” ट्विंकल की यह बात सुनकर करण जौहर भी बातचीत में शामिल हो गए। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, “ओह, सच में? तो क्या आपको हर चीज के लिए पैसे चाहिए?”

बीच शो में अक्षय को पड़ी ट्विंकल की डांट

एपिसोड के दौरान जब अक्षय कुमार स्पीकर पर अपनी पत्नी ट्विंकल खन्ना से बात कर रहे थे, तब उन्हें उनकी डांट भी सुननी पड़ी। ट्विंकल ने कहा, “मैं कल रात मुश्किल से सो पाई थी। और फिर आपने मुझे सुबह-सुबह जगा दिया। भला सुबह 6 बजे कौन भजन बजाता है? और ऊपर से आप इतने जोर-जोर से गा रहे थे, जैसे कि आप कोई अनूप जलोटा हों।”

ट्विंकल यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने आगे अक्षय को बाथरूम का दरवाजा ठीक से बंद करने को लेकर भी टोका। उन्होंने कहा, “मैंने आपको कितनी बार कहा है? कम से कम बाथरूम का दरवाजा तो ठीक से बंद कर लिया करो।” ट्विंकल की इस बेबाक बातचीत ने एपिसोड को और भी मजेदार बना दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *