बिहार: अनंत सिंह के गांव में घुड़दौड़ देखने उमड़ी भारी भीड़ के बीच बुजुर्ग की मौत, जेब से मिले 2120 रुपये

KNEWS DESK- बिहार के मोकामा से विधायक अनंत सिंह के पैतृक गांव नदमा (लदमा) में आयोजित घुड़दौड़ प्रतियोगिता के दौरान भारी भीड़ के बीच एक बुजुर्ग की मौत हो गई। बुधवार शाम करीब 6 बजे बुजुर्ग भीड़ के बीच बेहोशी की हालत में मिले थे। पुलिस उन्हें तुरंत बाढ़ अनुमंडल अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

बुजुर्ग की पहचान अभी नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि भारी भीड़ के बीच दबने या दम घुटने की वजह से उनकी मौत हुई होगी। अस्पताल के डॉक्टर रोहन कुमार के मुताबिक, बुजुर्ग को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।

जेब से मिले 2120 रुपये, कोई पहचान पत्र नहीं

पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए तलाशी ली, लेकिन उनके पास कोई पहचान पत्र, कागजात या मोबाइल फोन नहीं मिला। जेब से सिर्फ 2120 रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर बुजुर्ग की पहचान और उनके गांव का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

घुड़दौड़ देखने के लिए उमड़ी थी भारी भीड़

अनंत सिंह की बेटी शिवांगी की 25 नवंबर को शादी हुई थी। शादी समारोह के दौरान नदमा गांव में घुड़दौड़ का आयोजन किया गया था, जिसमें देश के अलग-अलग हिस्सों से घुड़सवार पहुंचे थे। प्रतियोगिता देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे थे। भीड़ इतनी अधिक थी कि लोग मोबाइल टावर और ऊंचे पेड़ों पर चढ़ गए थे। बताया जा रहा है कि विधायक अनंत सिंह ने माइक से लोगों को नीचे उतरने की कई बार अपील की, लेकिन इसका असर नहीं हुआ। व्यवस्था को देखते हुए घुड़दौड़ प्रतियोगिता भी टालनी पड़ी थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *