एशिया के प्रमुख एयरो शो एयरो इंडिया का 16वां संस्करण 8 से 12 फरवरी 2027 तक बेंगलुरु के एयर फोर्स स्टेशन येलहंका में आयोजित होगा। कंपनियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रक्षा मंत्रालय ने प्रदर्शनी क्षेत्र की क्षमता बढ़ाने के लिए दो नए एग्जिबिशन हैंगर बनाने का काम शुरू कर दिया है।
Knews Desk – एयरो इंडिया 2027 में इस बार बड़ी संख्या में कंपनियों के शामिल होने की मांग सामने आई है। प्रदर्शनी के लिए शुरुआती क्षमता से करीब 12 हजार वर्ग मीटर अधिक जगह की मांग के बाद रक्षा मंत्रालय ने इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार का फैसला किया है।
रक्षा उत्पादन विभाग यानी DDP ने प्रदर्शनी स्थल पर दो नए एग्जिबिशन हैंगर बनाने का काम शुरू कर दिया है। इसके साथ ही पहली बार कंपनियों को अपने आवंटित स्टॉल में मेजेनाइन फ्लोर यानी अतिरिक्त ऊपरी मंजिल बनाने की अनुमति भी दी जाएगी।
सीमित जगह में बढ़ेगी प्रदर्शनी की क्षमता
येलहंका एयरबेस भारतीय वायुसेना का सक्रिय प्रशिक्षण केंद्र है। विमान संचालन और सुरक्षा से जुड़े नियमों के कारण प्रदर्शनी क्षेत्र का विस्तार जमीन पर ज्यादा नहीं किया जा सकता। ऐसे में अतिरिक्त हैंगर और ऊपरी फ्लोर के जरिए प्रदर्शनी की क्षमता बढ़ाने की तैयारी की जा रही है।
मेजेनाइन फ्लोर बनाने की अनुमति सुरक्षा, स्ट्रक्चरल मजबूती, भार क्षमता और अन्य निर्धारित तकनीकी मानकों के तहत ही दी जाएगी।
रक्षा मंत्रालय का लक्ष्य एयरो इंडिया 2027 में ज्यादा से ज्यादा घरेलू और विदेशी कंपनियों को शामिल होने का अवसर देना है। इसके साथ एयरोस्पेस क्षेत्र की बड़ी कंपनियां, रक्षा निर्माता और नई तकनीक विकसित करने वाले स्टार्टअप भी अपने उत्पाद और क्षमताएं प्रदर्शित कर सकेंगे।
बढ़ती मांग को भारत के तेजी से विकसित होते एयरोस्पेस और रक्षा उद्योग तथा वैश्विक कंपनियों की भारत में बढ़ती रुचि से भी जोड़कर देखा जा रहा है।
1996 में हुआ था पहला एयरो इंडिया शो
एयरो इंडिया का पहला संस्करण 1996 में आयोजित हुआ था। यह आयोजन कंपनियों को अत्याधुनिक एयरोस्पेस सिस्टम और डिफेंस सॉल्यूशन प्रदर्शित करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच उपलब्ध कराता है।
यह मंच डिफेंस इंडस्ट्री से जुड़े हितधारकों, सरकारी अधिकारियों, तकनीकी विशेषज्ञों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधिमंडलों को एक साथ लाने में भी अहम भूमिका निभाता है।
2025 में आयोजित एयरो इंडिया शो में 7 लाख से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था। इसमें करीब 90 देशों की भागीदारी रही थी और 900 से ज्यादा बिजनेस, स्टार्टअप्स और निवेशक शामिल हुए थे।
अब 2027 के संस्करण में बढ़ती भागीदारी और प्रदर्शनी की मांग को देखते हुए इंफ्रास्ट्रक्चर का विस्तार किया जा रहा है। एयरो इंडिया 2027 का आयोजन 8 से 12 फरवरी तक बेंगलुरु के एयर फोर्स स्टेशन येलहंका में होगा।