Avengers: Doomsday ने रिलीज से पहले ही मचाया तहलका, एडवांस बुकिंग में 60 करोड़ के पार

मार्वल स्टूडियोज की मच-अवेटेड फिल्म ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। फिल्म की रिलीज में अभी 22 दिन बाकी हैं, लेकिन भारत में इसकी एडवांस बुकिंग ने पहले ही बड़ा रिकॉर्ड बना दिया है। फिल्म ने चार दिन के ओपनिंग वीकेंड के लिए 60 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है, जो किसी भी हॉलीवुड फिल्म के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

Knews Desk – सैकनिल्क की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ ने 17 दिसंबर से 20 दिसंबर तक के शुरुआती चार दिनों के लिए देशभर में शानदार एडवांस बुकिंग दर्ज की है। फिलहाल 8,137 शोज के लिए करीब 61.05 करोड़ रुपये की ग्रॉस एडवांस बुकिंग हो चुकी है। इस आंकड़े में ब्लॉक सीट्स भी शामिल हैं। वहीं, ब्लॉक सीट्स को हटा दिया जाए तो फिल्म की एडवांस बुकिंग करीब 52.87 करोड़ रुपये तक पहुंच चुकी है।

टिकट बिक्री की बात करें तो फिल्म के अब तक करीब 9.67 लाख टिकट बिक चुके हैं। ब्लॉक सीट्स को हटाने के बाद यह आंकड़ा करीब 8.41 लाख टिकटों का है। सबसे ज्यादा एडवांस बुकिंग 17 दिसंबर यानी रिलीज के पहले दिन के लिए हुई है। अकेले ओपनिंग डे के लिए करीब 26 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है।

वहीं शुक्रवार और शनिवार के लिए भी टिकटों की बिक्री तेजी से हो रही है। दोनों दिनों की एडवांस बुकिंग 12 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुकी है। रविवार के लिए भी करीब 10 करोड़ रुपये की बुकिंग दर्ज की गई है। इससे साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह सिर्फ ओपनिंग डे तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे लंबे वीकेंड के लिए शोज तेजी से भर रहे हैं।

‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ को लेकर फैन्स के बीच उत्साह की बड़ी वजह रॉबर्ट डाउनी जूनियर की वापसी भी है। इस बार वह सुपरहीरो आयरन मैन के बजाय खूंखार विलेन डॉक्टर डूम के किरदार में नजर आएंगे। इसके अलावा फिल्म में एक्स-मेन और फैंटास्टिक फोर के किरदारों की मौजूदगी ने भी दर्शकों की एक्साइटमेंट बढ़ा दी है।

फिल्म 17 दिसंबर 2026 को भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि इसके ठीक अगले दिन यानी 18 दिसंबर को डेनिस विलेन्यूवे की फिल्म ‘ड्यून: पार्ट थ्री’ भी सिनेमाघरों में दस्तक देगी। ऐसे में दिसंबर में बॉक्स ऑफिस पर दोनों बड़ी हॉलीवुड फिल्मों के बीच दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *