तिरुपति बालाजी को भक्त ने दान किए 121 किलो सोने के आभूषण, कीमत 150 करोड़ तक

KNEWS DESK- आंध्र प्रदेश के तिरुमला स्थित भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के प्रति श्रद्धालुओं की गहरी आस्था है। इसी आस्था के तहत चेन्नई के एक एनआरआई बिजनेसमैन ने भगवान बालाजी को 121 किलोग्राम सोने से बने आभूषण दान किए हैं। इन आभूषणों की अनुमानित कीमत 140 से 150 करोड़ रुपये बताई जा रही है। खास बात यह है कि भक्त ने अपनी पहचान सार्वजनिक नहीं करने की इच्छा जताई है।

121 किलो सोने से बने 46 तरह के आभूषण

दान किए गए आभूषणों में कुल 46 तरह के आभूषण शामिल हैं। इनमें भगवान का मुकुट, भुजकीर्तियां, शंख-चक्र, वड्डाणम यानी कमरबंद और अभय हस्त जैसे आभूषण शामिल हैं। इन्हें नौ अलग-अलग सेट में तैयार किया गया है। आभूषणों को तैयार करने में तिरुमला तिरुपति देवस्थानम यानी टीटीडी अधिकारियों के सुझाव और आगम शास्त्र के नियमों का ध्यान रखा गया। इन्हें तैयार करने में करीब 15 महीने का समय लगा।

कारोबार की तरक्की का दिया श्रेय

जानकारी के मुताबिक, चेन्नई के इस एनआरआई बिजनेसमैन का मानना है कि भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के आशीर्वाद से उनके कारोबार में तरक्की हुई है। इसी वजह से उन्होंने अपनी कंपनी के मुनाफे का कुछ हिस्सा भगवान को सोने के आभूषणों के रूप में समर्पित करने का फैसला किया। उन्होंने इस दान का प्रचार नहीं करने और अपनी पहचान गोपनीय रखने का अनुरोध किया है।

26 नवंबर को सौंपे जाने की संभावना

जानकारी के अनुसार, आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू 26 नवंबर को तिरुमला के दौरे पर जाएंगे। इसी दौरान उनकी मौजूदगी में इन 121 किलोग्राम सोने के आभूषणों को टीटीडी अधिकारियों को सौंपे जाने की संभावना है।

बताया जाता है कि भगवान वेंकटेश्वर स्वामी के नियमित श्रृंगार में इस्तेमाल होने वाले आभूषणों का कुल वजन करीब 650 किलोग्राम है। अब 121 किलो सोने से तैयार ये नए आभूषण भी मंदिर की आभूषण संपदा में शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *