Knews Desk – रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। तस्वीर में जेनेलिया अपने पति रितेश की गोद में बैठी नजर आ रही हैं और उन्हें अपने हाथ से नाश्ता करा रही हैं। रितेश ने इस तस्वीर के साथ ऐसा मजेदार कैप्शन लिखा, जिसे फैंस खूब पसंद कर रहे हैं।
रेस्टोरेंट में दिखा कपल का खास अंदाज
रितेश देशमुख ने मंगलवार सुबह पत्नी जेनेलिया के साथ रेस्टोरेंट में ब्रेकफास्ट करते हुए तस्वीर इंस्टाग्राम पर शेयर की। तस्वीर में जेनेलिया रितेश की गोद में बैठी हैं और उन्हें अपने हाथ से खाना खिलाती दिखाई दे रही हैं।
तस्वीर शेयर करते हुए रितेश ने लिखा, “दो लोगों के लिए टेबल, कुर्सी एक के लिए।” पोस्ट सामने आते ही यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गई। खबर लिखे जाने तक महज तीन घंटे में तस्वीर को एक लाख से ज्यादा लाइक्स और करीब एक हजार कमेंट मिल चुके थे।
रितेश देशमुख अक्सर अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर जेनेलिया के साथ मजेदार पोस्ट और रील्स शेयर करते रहते हैं। इस बार भी कपल की तस्वीर और रितेश का मजेदार कैप्शन फैंस का ध्यान खींच रहा है।
2012 में हुई थी रितेश-जेनेलिया की शादी
रितेश देशमुख और जेनेलिया देशमुख ने साल 2003 में फिल्म ‘तुझे मेरी कसम’ से बड़े पर्दे पर कदम रखा था। दोनों पहले दोस्त बने और बाद में एक-दूसरे को डेट करने लगे। लंबे समय तक डेटिंग के बाद दोनों ने 3 फरवरी 2012 को मुंबई में हिंदू और ईसाई रीति-रिवाजों से शादी की थी।
शादी के दो साल बाद जेनेलिया पहली बार मां बनी थीं। 2014 में उन्होंने रियान को जन्म दिया था। इसके बाद 2016 में उनके दूसरे बेटे राहिल का जन्म हुआ।
जेनेलिया देशमुख इन दिनों अपनी अगली फिल्म ‘गनमास्टर G9’ की रिलीज का इंतजार कर रही हैं। फिल्म में वह इमरान हाशमी के साथ लीड रोल में नजर आएंगी। यह एक रोमांटिक एक्शन फिल्म है, जो 27 नवंबर को रिलीज होने जा रही है। फिल्म में अपारशक्ति खुराना विलेन की भूमिका में हैं।