SBI में निकली Chief AI Officer की भर्ती, सालाना मिलेगा 1.6 करोड़ रुपये तक का पैकेज

भारतीय स्टेट बैंक यानी SBI ने AI के क्षेत्र में काम करने वाले प्रोफेशनल्स के लिए नौकरी का शानदार मौका निकाला है। बैंक ने Chief AI Officer पद के लिए भर्ती निकाली है। इस पद के लिए सालाना 1.6 करोड़ रुपये तक का CTC तय किया गया है। हालांकि, इतनी बड़ी सैलरी के बावजूद इस पैकेज को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चा शुरू हो गई है। कुछ यूजर्स का कहना है कि मौजूदा टेक्नोलॉजी जॉब मार्केट में इस स्तर की जिम्मेदारी के लिए यह पैकेज ज्यादा नहीं है।

Chief AI Officer की कितनी होगी सैलरी?

भारतीय स्टेट बैंक की ओर से जारी भर्ती विज्ञापन के अनुसार Chief AI Officer को सालाना अधिकतम 1.6 करोड़ रुपये का CTC दिया जा सकता है। इसमें 90 फीसदी हिस्सा फिक्स्ड सैलरी और 10 फीसदी हिस्सा वेरिएबल पे के रूप में होगा। यानी अधिकतम पैकेज मिलने पर 1.44 करोड़ रुपये फिक्स्ड सैलरी और 16 लाख रुपये प्रदर्शन के आधार पर मिलेंगे। बैंक ने स्पष्ट किया है कि 1.6 करोड़ रुपये अधिकतम पैकेज की सीमा है। वास्तविक सैलरी उम्मीदवार के अनुभव, मौजूदा वेतन और पोस्टिंग की जगह के आधार पर तय की जाएगी। ऐसे में हर उम्मीदवार को 1.6 करोड़ रुपये का पैकेज मिलना तय नहीं है।

SBI के पैकेज पर सोशल मीडिया में चर्चा

SBI की ओर से Chief AI Officer के लिए घोषित पैकेज को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कई यूजर्स ने अपनी राय रखी है। कुछ यूजर्स का कहना है कि Google और Uber जैसी कंपनियों में सीनियर सॉफ्टवेयर इंजीनियर को भी इतना पैकेज मिल सकता है। एक यूजर ने कमेंट किया कि Google और Uber में SDE-3 स्तर के इंजीनियर इतनी कमाई करते हैं। ऐसे में SBI को मौजूदा टेक जॉब मार्केट को समझने की जरूरत है। वहीं, कुछ यूजर्स का कहना है कि किसी बड़े बैंक की AI पॉलिसी संभालने वाले अधिकारी के लिए 1.6 करोड़ रुपये का पैकेज कम है। उनका कहना है कि आज कई स्टार्टअप भी सीनियर डेवलपर्स को इससे बेहतर सैलरी दे रहे हैं।

Chief AI Officer की क्या होगी जिम्मेदारी?

Chief AI Officer के पद पर नियुक्त होने वाले अधिकारी के पास बैंक की AI पॉलिसी तैयार करने और उसे लागू करने की जिम्मेदारी होगी। उन्हें मशीन लर्निंग, नेचुरल लैंग्वेज प्रोसेसिंग और एजेंटिक AI जैसी तकनीकों पर काम करना होगा। इसके अलावा बैंकिंग सर्विस को बेहतर बनाने, जोखिम का आकलन करने और AI आधारित समाधान तैयार करने की जिम्मेदारी भी इसी अधिकारी की होगी।

इन पदों पर भी होगी भर्ती

Chief AI Officer के साथ SBI तीन डिप्टी जनरल मैनेजर और दो AI आर्किटेक्ट की भी नियुक्ति करेगा। DGM पदों के लिए अधिकतम सालाना पैकेज 1.2 करोड़ रुपये रखा गया है। वहीं, AI Solution Architect और Enterprise AI Architect को 90-90 लाख रुपये तक का पैकेज मिल सकता है।

कौन कर सकता है अप्लाई?

Chief AI Officer पद के लिए उम्मीदवार की उम्र 30 सितंबर 2026 तक 40 से 55 साल के बीच होनी चाहिए। इसके साथ ही बैंकिंग, फाइनेंशियल सर्विस या IT सेक्टर में कम से कम 15 साल का अनुभव जरूरी है। सभी 6 पदों पर शुरुआती नियुक्ति तीन साल के लिए होगी। बैंक की जरूरत के मुताबिक इसे दो साल और बढ़ाया जा सकता है। भर्ती के लिए आवेदन 19 अक्टूबर से 9 नवंबर 2026 तक मांगे गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *