UP Board 2027: UP बोर्ड 10वीं-12वीं प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी, 11 जनवरी से शुरू होंगी परीक्षाएं

KNEWS DESK- यूपी बोर्ड की 10वीं और 12वीं की 2027 परीक्षाओं में शामिल होने वाले स्टूडेंट्स के लिए जरूरी अपडेट है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (UPMSP) ने प्रैक्टिकल परीक्षाओं का शेड्यूल जारी कर दिया है। बोर्ड की प्रैक्टिकल परीक्षाएं 11 जनवरी से 28 जनवरी 2027 तक दो चरणों में आयोजित की जाएंगी। इस बार हाईस्कूल के साइंस और होम साइंस विषयों में भी प्रैक्टिकल परीक्षा कराई जाएगी। दोनों विषयों के लिए 30-30 अंक निर्धारित किए गए हैं। परीक्षा में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए सभी स्कूलों में CCTV कैमरों की निगरानी में प्रैक्टिकल कराए जाएंगे।

बोर्ड की ओर से जारी शेड्यूल के अनुसार, प्रैक्टिकल परीक्षाएं प्रदेश के अलग-अलग मंडलों में दो चरणों में होंगी। पहला चरण 11 जनवरी से 19 जनवरी 2027 तक आयोजित किया जाएगा। इसमें आगरा, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या, आजमगढ़, देवीपाटन और बस्ती मंडल के स्कूल शामिल होंगे। वहीं, दूसरे चरण की परीक्षाएं 20 जनवरी से 28 जनवरी 2027 तक कराई जाएंगी। इस चरण में अलीगढ़, मेरठ, मुरादाबाद, कानपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, वाराणसी और गोरखपुर मंडल के स्कूलों में प्रैक्टिकल होंगे।

हाईस्कूल साइंस और होम साइंस में भी होंगे प्रैक्टिकल

इस साल हाईस्कूल के स्टूडेंट्स के लिए महत्वपूर्ण बदलाव किया गया है। बोर्ड ने साइंस और होम साइंस विषयों में प्रैक्टिकल परीक्षा की व्यवस्था दोबारा शुरू करने का फैसला लिया है। इन दोनों विषयों के प्रैक्टिकल के लिए 30-30 अंक निर्धारित किए गए हैं। वहीं, अन्य विषयों का प्रैक्टिकल मूल्यांकन पहले की तरह स्कूल स्तर पर प्रोजेक्ट वर्क के आधार पर होगा।

प्राइवेट स्टूडेंट्स के लिए जरूरी निर्देश

प्राइवेट परीक्षार्थियों को अपनी प्रैक्टिकल परीक्षा से जुड़ी जानकारी के लिए फॉरवर्डिंग सेंटर के प्रधानाचार्य से संपर्क करना होगा। परीक्षा का केंद्र और तारीख की जानकारी वहीं से मिलेगी। इसलिए स्टूडेंट्स को समय रहते अपने केंद्र से संपर्क कर लेना चाहिए।

1 जनवरी से खुलेगा अंक अपलोड करने का पोर्टल

बोर्ड ने स्कूलों के प्रधानाचार्यों को इंटरनल असेसमेंट के अंक अपलोड करने की जिम्मेदारी दी है। हाईस्कूल के इंटरनल असेसमेंट के साथ नैतिक शिक्षा, योग, खेल और फिजिकल एजुकेशनल के अंक भी वेबसाइट पर अपलोड करने होंगे। इंटरमीडिएट के स्टूडेंट्स के इन विषयों के अंक भी ऑनलाइन दर्ज किए जाएंगे। इसके लिए बोर्ड का पोर्टल 1 जनवरी 2027 से शुरू होगा।

CCTV कैमरों की निगरानी में होंगे प्रैक्टिकल

प्रैक्टिकल परीक्षाओं में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए बोर्ड ने सभी स्कूलों को CCTV कैमरों की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। प्रधानाचार्यों को परीक्षा की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखनी होगी। बोर्ड की ओर से मांगे जाने पर यह रिकॉर्डिंग उपलब्ध करानी होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *