KNEWS DESK– उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत तेज हो गई है। इसी बीच सपा ने कांग्रेस के साथ सीटों के तालमेल को लेकर बनाई गई कमेटी में अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद को शामिल किया है। शुरुआती कमेटी में दलित प्रतिनिधित्व नहीं होने को लेकर सवाल उठ रहे थे। अब अवधेश प्रसाद के शामिल होने के बाद कमेटी में कुल पांच सदस्य हो गए हैं।
पांच सदस्यीय कमेटी में शामिल हुए अवधेश प्रसाद
कांग्रेस के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे पर बातचीत के लिए बनी सपा की कमेटी में अब प्रोफेसर रामगोपाल यादव, राजीव राय, श्यामलाल पाल, इकरा हसन और अवधेश प्रसाद शामिल हैं। बताया जा रहा है कि दलित प्रतिनिधित्व को लेकर उठ रहे सवालों को देखते हुए अवधेश प्रसाद को कमेटी में शामिल किया गया है।
सपा और कांग्रेस के नेताओं के बीच सीट बंटवारे को लेकर सोमवार को पहली औपचारिक बैठक हुई थी। मंगलवार को भी दोनों दलों के बीच इस मुद्दे पर बातचीत होनी है।
कांग्रेस ने सौंपी 100 से ज्यादा सीटों की सूची
सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी के आवास पर दोनों दलों के नेताओं की बैठक हुई। बैठक करीब 15-20 मिनट चली। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस ने सपा को 100 से अधिक विधानसभा सीटों की सूची सौंपी है, जहां पार्टी अपने उम्मीदवार उतारना चाहती है।
कांग्रेस की कोशिश है कि गठबंधन के तहत उसे उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिलों में कम से कम एक विधानसभा सीट मिले। सपा नेताओं ने सूची पर पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव से चर्चा करने के बाद जवाब देने की बात कही है।
दो से चार दिन में फैसला संभव
बैठक में कांग्रेस की ओर से राजेंद्र पाल गौतम, आराधना मिश्रा, इमरान मसूद और वीरेंद्र चौधरी शामिल हुए। वहीं, सपा की ओर से रामगोपाल यादव, श्यामलाल पाल, राजीव राय और इकरा हसन मौजूद रहे।
बैठक के बाद रामगोपाल यादव ने कहा कि बातचीत सौहार्दपूर्ण माहौल में हुई और दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के विचार सुने हैं। उन्होंने कहा कि अगले दो से तीन दिनों में गठबंधन को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।