रामायण से गंगाजल तक… नेपाल के PM बालेंद्र शाह को मोदी ने भेंट किए ये खास उपहार

KNEWS DESK – भारत और नेपाल के रिश्ते सिर्फ पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों की संस्कृति, धर्म और परंपराएं भी एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं। इसी दोस्ती और साझा विरासत की झलक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह को दिए गए खास उपहारों में देखने को मिली। भारत की दो दिवसीय यात्रा पर आए बालेंद्र शाह से मुलाकात के दौरान पीएम मोदी ने उन्हें रामायण की खास पेंटिंग, बनारस में तैयार किया गया रेशमी उत्तरीय (स्टोल) और वाराणसी से लाया गया गंगाजल भेंट किया।

पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को कलमकारी शैली में बनाई गई संपूर्ण रामायण चित्रावली भेंट की। इस पेंटिंग में भगवान राम के जीवन की प्रमुख घटनाओं को दिखाया गया है। इसमें उनके जन्म से लेकर वनवास, रावण पर विजय और अयोध्या वापसी तक की कहानी दिखाई गई है। यह कलाकृति आंध्र प्रदेश की पारंपरिक श्रीकालहस्ती शैली में तैयार की गई है। इसे सूती कपड़े पर बांस की कलम और प्राकृतिक रंगों की मदद से हाथ से बनाया गया है।

इन तीनों उपहारों की अपनी अलग पहचान और धार्मिक महत्व है। हर उपहार भारत और नेपाल के बीच किसी न किसी सांस्कृतिक या आध्यात्मिक रिश्ते को दर्शाता है। इस उपहार का खास महत्व इसलिए भी है, क्योंकि अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि और नेपाल के जनकपुर को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। इस तरह यह पेंटिंग दोनों देशों के धार्मिक और सांस्कृतिक रिश्तों को दर्शाती है।

दूसरे उपहार के तौर पर पीएम मोदी ने बालेंद्र शाह को वाराणसी में तैयार किया गया बनारसी रेशमी उत्तरीय दिया। इस पर कारीगरों ने बारीक जरी का काम किया है, जो इसे खास बनाता है। इस रेशमी स्टोल को गुजरात में बने चंदन के डिब्बे में रखकर भेंट किया गया। डिब्बे पर पारंपरिक लकड़ी की कारीगरी और ज्यामितीय डिजाइन की बारीक सजावट की गई है। यह उपहार भारत की पारंपरिक कला, हस्तशिल्प और कारीगरों की मेहनत को दर्शाता है।

पीएम मोदी ने नेपाल के प्रधानमंत्री को वाराणसी से लाया गया गंगाजल भी भेंट किया। इसे पीतल के एक खास कलश में रखा गया था। यह गंगाजल काशी विश्वनाथ मंदिर के पास गंगा नदी से लाया गया था। इस उपहार का धार्मिक महत्व काशी और काठमांडू के बीच मौजूद आध्यात्मिक रिश्ते से जुड़ा है। वाराणसी में बाबा विश्वनाथ और काठमांडू में भगवान पशुपतिनाथ दोनों ही भगवान शिव के प्रमुख धाम हैं। इसलिए गंगाजल का यह उपहार दोनों देशों के बीच धार्मिक आस्था और साझा परंपराओं का प्रतीक माना गया।

बालेंद्र शाह के भारत दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक भी हुई। इस दौरान दोनों नेताओं ने डिजिटल माध्यम से उत्तर प्रदेश के अयोध्या और नेपाल के जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाई।

रामायण पेंटिंग, बनारसी स्टोल और गंगाजल जैसे उपहारों के साथ ट्रेन सेवा की शुरुआत भी दोनों देशों के रिश्तों को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम है। इन पहलों के जरिए भारत और नेपाल ने अपने पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और आपसी संबंधों को नई मजबूती देने का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *