अब नहीं चलेगा सोने में मिलावट का खेल! नई मशीनों से चलेगा पता, सोना असली है या नकली

सोने में रेनियम समेत दूसरी धातुओं की मिलावट का मामला सामने आने के बाद ज्वेलर्स अब आधुनिक मशीनों का सहारा लेने की तैयारी कर रहे हैं। 30 लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाली ये मशीनें सोने में 22 तरह की धातुओं की पहचान कर सकती हैं।

Knews Desk– सोने की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बीच लोग अपनी बचत का बड़ा हिस्सा सोने के गहनों में निवेश करते हैं। ऐसे में सोने में मिलावट की खबर ने खरीदारों की चिंता बढ़ा दी है। सराफा बाजार में सोने का वजन बढ़ाने के लिए रेनियम पाउडर मिलाए जाने का मामला सामने आया है। खास बात यह है कि पुरानी जांच मशीनों से इस तरह की मिलावट पकड़ना मुश्किल हो सकता है।

कूचा महाजनी के थोक बुलियन कारोबारी और ऑल बुलियन व ज्वेलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष योगेश सिंघल के अनुसार सोना करीब 1064 डिग्री सेल्सियस पर पिघलता है, जबकि रेनियम को पिघलने के लिए लगभग 3200 डिग्री सेल्सियस तापमान चाहिए। दोनों धातुओं के गलनांक में बड़े अंतर के कारण रेनियम सोने में पूरी तरह मिश्रित नहीं हो पाता और गहने के अलग-अलग हिस्सों में रह सकता है।

पुरानी मशीनों में लगी बारीक पिन गहने के केवल उस हिस्से की जांच करती है, जिसे वह छूती है। ऐसे में रेनियम वाले हिस्से तक पिन नहीं पहुंचने पर मिलावट का पता नहीं चल पाता। विशेषज्ञों के मुताबिक बड़े बुलियन कारोबारी संदिग्ध सोने की शुद्धता जांचने के लिए फायर असेइंग यानी अग्नि परीक्षण भी कराते हैं।

दरीबा कलां ज्वेलर्स एसोसिएशन के महासचिव मनीष वर्मा के अनुसार जर्मनी में बनी नई मशीनें रेनियम के अलावा टंगस्टन, इरिडियम, रूथेनियम और ऑस्मियम समेत 22 धातुओं की पहचान कर सकती हैं। इनकी कीमत 30 लाख रुपये से ज्यादा है और फिलहाल दिल्ली में चुनिंदा बड़े ज्वेलर्स के पास ही ऐसी मशीनें उपलब्ध हैं।

GJC ने BIS को भी इस मामले में सतर्क किया है। खरीदारों से BIS केयर ऐप पर हॉलमार्क की जानकारी जांचने और खरीदारी के समय GST वाला बिल लेने की अपील की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *