भारत और नेपाल के बीच रेल संपर्क को मजबूत करने की दिशा में बड़ी पहल होने जा रही है। अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच सीधी ट्रेन सेवा शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं को धार्मिक यात्रा में बड़ी सुविधा मिलेगी।
भारत और नेपाल के बीच रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए अयोध्या और जनकपुर धाम को सीधी ट्रेन सेवा से जोड़ा जा रहा है। सोमवार को अयोध्या से इस ट्रेन की उद्घाटन स्पेशल सेवा रवाना होगी, जबकि मंगलवार को नेपाल के जनकपुर धाम से इसकी वापसी होगी। इस ट्रेन के शुरू होने से दोनों देशों के श्रद्धालुओं के लिए धार्मिक यात्रा आसान होने की उम्मीद है।
अयोध्या को भगवान राम की जन्मभूमि और जनकपुर धाम को माता सीता की जन्मस्थली के रूप में जाना जाता है। दोनों धार्मिक स्थलों का भारत और नेपाल के बीच धार्मिक और सांस्कृतिक संबंधों में विशेष महत्व है। ऐसे में दोनों शहरों के बीच सीधी रेल सेवा शुरू होने से धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
अयोध्या-जनकपुर के बीच चलेगी नई ट्रेन
ट्रेन नंबर 15595/15596 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट एक्सप्रेस के तहत उद्घाटन स्पेशल सेवा सोमवार को अयोध्या से रवाना होगी। इसके बाद मंगलवार को जनकपुर धाम से ट्रेन की वापसी होगी। इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे।
इन स्टेशनों से होकर गुजरेगी ट्रेन
अयोध्या धाम से रवाना होने के बाद ट्रेन मनकापुर, बस्ती और गोरखपुर पहुंचेगी। इसके बाद बिहार के पनियहवा, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए नेपाल के जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस रूट के चलते उत्तर प्रदेश और बिहार के कई शहरों के यात्रियों को भी इस ट्रेन का लाभ मिलेगा।
अयोध्या से जनकपुर धाम का शेड्यूल
अयोध्या धाम से ट्रेन दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी। इसके बाद मनकापुर दोपहर 2:05 बजे, बस्ती 3:03 बजे और गोरखपुर शाम 5:30 बजे पहुंचेगी। नरकटियागंज में ट्रेन रात 9:00 बजे और रक्सौल में रात 11:10 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सीतामढ़ी 1:35 AM, मधुबनी 4:48 AM और जयनगर 6:30 AM पहुंचेगी। ट्रेन अगले दिन सुबह 10:00 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी।
21 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा सफर
अयोध्या धाम से उद्घाटन स्पेशल ट्रेन दोपहर 12:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:00 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस तरह अयोध्या से जनकपुर धाम तक का सफर करीब 21 घंटे 30 मिनट में पूरा होगा।
वापसी का शेड्यूल
जनकपुर धाम से ट्रेन दोपहर 1:00 बजे रवाना होगी। इसके बाद जयनगर दोपहर 2:10 बजे, मधुबनी 3:48 बजे और सीतामढ़ी शाम 7:00 बजे पहुंचेगी। रक्सौल में ट्रेन रात 8:45 बजे, नरकटियागंज रात 10:50 बजे और गोरखपुर सुबह 3:55 बजे पहुंचेगी। इसके बाद ट्रेन सुबह 8:10 बजे अयोध्या धाम पहुंचेगी।
इस ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इसमें अलग-अलग श्रेणियों के यात्रियों के लिए बैठने और यात्रा की व्यवस्था होगी। रेलवे के मुताबिक, फिलहाल 23 और 24 नवंबर को उद्घाटन स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। नियमित साप्ताहिक ट्रेन के संचालन की तारीख पूर्व मध्य रेलवे की ओर से अलग से जारी की जाएगी।